चीफ खालसा दीवान का 145.57 करोड़ का बजट पास
चीफ खालसा दीवान की ओर से वर्ष 2021-22 का बजट शनिवार को पास कर दिया गया। हाउस की बैठक दीवान के गुरुद्वारा कलगीधर साहिब में हुई। यह बजट दीवान के प्रबंधों के तहत आते शिक्षण संस्थानों के लिए है।
जागरण संवाददाता, अमृतसर : चीफ खालसा दीवान की ओर से वर्ष 2021-22 का बजट शनिवार को पास कर दिया गया। हाउस की बैठक दीवान के गुरुद्वारा कलगीधर साहिब में हुई। यह बजट दीवान के प्रबंधों के तहत आते शिक्षण संस्थानों के लिए है। यह बजट इजलास आनलाइन आयोजित किया गया जिसे सभी सदस्यों ने आनलाइन सर्वसम्मति से पास कर दिया। बजट इजलास की अध्यक्षता दीवान के अध्यक्ष निर्मल सिंह की ओर से की गई।
निर्मल सिंह ने कहा कि दीवान का वर्ष 2021-22 का अनुमानित बजट 145 करोड़ 57 लाखा रुपये रखा गया है। यह राशि दीवान के सर्वपक्षीय विकास, इन्फ्रास्ट्रक्चर के आधुनिकीकरण आदि पर खर्च की जाएगी। वर्ष 2020-21 में कुल आमदनी 83 करोड़ दो लाख रुपये रही है। 2021-22 में यह आमदनी 136 करोड़ होने की उम्मीद है। पिछले वर्ष के मुकाबले इस बार बजट में 53 करोड़ की वृद्धि की गई है जो पिछले वर्ष के मुकाबले 64 प्रतिशत है। वर्ष 2021-22 में खर्च 157 करोड़ से अधिक रहेगा।
दीवान के सीए परमजीत सिंह आहूजा ने बताया कि बजट में स्कूलों के विस्तार के लिए भगतांवाला स्कूल के लिए तीन करोड़, होशियारपुर स्कूल के लिए एक करोड़, सुरसिंह स्कूल के लिए 67 लाख और आसल उताड़ स्कूल के लिए 40 लाख रुपये रखे गए हैं। स्कूलों के आधुनिकीकरण के लिए 15 करोड़ रखे हैं। इसके तहत एक करोड़ रुपये एयरपोर्ट रोड स्कूल के निर्माण के लिए है। दो करोड़ रणजीत एवेन्यू स्कूल के लिए हैं। धर्म प्रचार के लिए 45 लाख रुपए, स्कूलों की अपग्रेडेशन के लिए दो करोड़ और आदर्श स्कूलों के लिए डेढ़ करोड़ रुपये रखे गए हैं। वहीं तीन करोड़ राशि जरूरत पड़ने पर स्कूलों के लिए रखी गई है। इस मौके पर अजीत सिंह बसरा जिनको कार्यवाहक आनरेरी सचिव नियुक्त किया गया था, उसे हाउस ने स्वीकृति प्रदान कर आनरेरी सचिव की जिम्मेदारी दी है। हाउस की बैठक में 31 सदस्य पहुंचे जबकि 88 सदस्यों ने आनलाइन हिस्सा लिया। इस अवसर पर दीवान के पदाधिकारी भाग सिह, डा. इंद्रबीर सिंह, हरमिदर सिंह फ्रीडम भी मौजूद थे।