बटलर रेस्टोरेंट में देर रात कर ग्राहकों की भीड़, मालिक और मैनेजर पर केस
रंजीत एवेन्यू थाने की पुलिस ने बटलर रेस्टोरेंट के मालिक और उसके मैनेजर के खिलाफ सोमवार की रात केस दर्ज किया है।
जागरण संवाददाता, अमृतसर: रंजीत एवेन्यू थाने की पुलिस ने बटलर रेस्टोरेंट के मालिक और उसके मैनेजर के खिलाफ सोमवार की रात केस दर्ज किया है। आरोपितों ने देर रात तक अपने रेस्टोरेंट के अंदर ग्राहकों की भीड़ लगा रखी थी। पुलिस के आने के भनक लगते ही दोनों आरोपित रेस्टोरेंट से फरार हो गए। फिलहाल एएसआइ गुरदियाल सिंह के बयान पर पुलिस ने रेस्टोरेंट के मालिक गुरलीन सिंह और मैनेजर के खिलाफ एफआइआर दर्ज की है। उधर, पुलिस कमिश्नर डा. सुखचैन सिंह गिल ने शहर के लोगों से अपील की है कि सरकारी गाइड लाइन का पालन करते हुए मास्क पहने और शारीरिक दूरी का पालन करें। इसी से कोरोना को हराया जा सकता है। जिले के अन्य इलाकों में भी नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई
चाटीविड थाना : पुलिस ने देर रात ताक नाई की दुकान खोलने वाले संजय के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपित ने मास्क भी नहीं पहन रखा था और लोग शारीरिक दूरी का पालन भी नहीं कर रहे थे। वहीं ढाबा मालिक दिलबाग सिंह को नामजद किया गया है। आरोपित ने ढाबे पर भीड़ एकत्र कर रखी थी। लोगों ने मास्क नहीं पहन रखा था और शारीरिक दूरी भी नहीं थी। खलचियां थाना : पुलिस ने बैंक के एटीएम में पैसे निकलवाने पहुंची दिलराज कौर को नामजद किया है। महिला ने एटीएम वाले कमरे में मास्क नहीं पहन रखा था। मकबूलपुरा थाना : कर्फ्यू में देर रात तक घर के बाहर डीजे लगाकर नाचने के आरोप में तिलक राज, गुरमैल सिंह सहित दस अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। शारीरिक दूरी और मास्क नहीं थे। मोहकमपुरा थाना: रंधावा होटल में 40-45 लोग पार्टी कर रहे थे। किसी भी व्यक्ति ने मास्क नहीं पहन रखा था और ना ही शारीरिक दूरी का पालन किया जा रहा था। पुलिस ने मैनेजर कुलदीप सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर काबू कर लिया। झंडेर थाना: आटो रिक्शा चालक हरजिदर सिंह के खिलाफ केस दर्ज। आरोपित ने पांच सवारियां बिना मास्क के आटो रिक्शा में एक दूसरे के साथ सटा कर बैठा रखी थी। वहीं इसी थाने में बाइक सवार तीन युवकों को नामजद किया गया। आरोपित बगैर मास्क के घर से निकले थे। मास्क नहीं पहनने और आवारागर्दी करने वाले 54 के काटे चालान
उधर, अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस और अमृतसर देहाती पुलिस ने कर्फ्यू का पालन नहीं करने और बगैर मास्क के घूमने के आरोप में 54 लोगों के खिलाफ चालान काटे हैं। एसएसपी ध्रुव दहिया ने बताया कि सरकारी गाइडलाइन का पालन कर कोरोना के खिलाफ छेड़ी गई जंग में सहयोग करें।