बसपा के बागी ग्रुप का संयुक्त समाज मोर्चा से गठबंधन
बसपा के हुए गठबंधन पर सीटों के बंटवारे को लेकर पार्टी के बागी ग्रुप ने संयुक्त समाज मोर्चा के साथ गठबंधन कर लिया है।
पंकज शर्मा, अमृतसर
शिरोमणि अकाली दल बादल के साथ बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के हुए गठबंधन पर सीटों के बंटवारे को लेकर पार्टी के बागी ग्रुप ने संयुक्त समाज मोर्चा (एसएसएम) के साथ गठबंधन कर लिया है। बसपा के बागी ग्रुप की अगुआई पार्टी के पूर्व अध्यक्ष रछपाल सिंह राजू कर रहे हैं। अमृतसर जिले से भी तीन सीटों की बसपा के इस बागी ग्रुप ने मांग की थी जिन पर अभी तक सहमति नही बन पाई है।
बसपा के राज्य अध्यक्ष जसवीर सिंह गढ़ी की वर्कर विरोधी नीतियों से बागी होकर रछपाल राजू ने बागियों का नेतृत्व संभालकर संयुक्त समाज मोर्चा के साथ गठजोड़ कर लिया। रछपाल राजू ने बताया कि उनके ग्रुप ने मंथन भी कर लिया है। हमने मोर्चा से 11 सीटों की मांग की है। उनका ग्रुप शाम चौरासी, अटारी, जंडियाला गुरु, गढ़शंकर, अमृतसर वेस्ट, अमृतसर पूर्वी, आदमपुर आदि 11 सीटों की मांग कर रहा है। संभावना है कि मोर्चा राज्य में छह सीटें हमारे ग्रुप को दे देगा जबकि शाम चौरासी वाली सीट हमारे ग्रुप के उम्मीदवार ठेकेदार भगवान दास को दी गई है। उन्होंने कहा कि बसपा का अकाली दल से गठजोड़ पार्टी के नियमों से उलट है। बसपा के राज्य नेतृत्व को अकाली दल ने 20 सीटें दी है। इसमें से 10 ऐसी हैं जिन पर अकाली दल बादल के नेता बहुजन समाज पार्टी के चुनाव चिह पर मैदान में उतारे हैं जो नियमों के खिलाफ है। इसकी जानकारी हाईकमान को भेजी पर कोई कदम नहीं उठाया गया। इसके बाद पार्टी के टकसाली कार्यकर्ता उनकी अगुआई में एकजुट हो गए हैं।