अमृतसर के युवक ने अश्लील फोटो खींच बैल्कमेल कर किया दुष्कर्म, डिलीट करने के लिए मांगे 80 हजार
भोगपुर की रहने वाली लड़की को युवक ने प्रेम जाल में फंसा लिया।
संवाद सूत्र, भोगपुर, अमृतसर: भोगपुर की रहने वाली लड़की को युवक ने प्रेम जाल में फंसा लिया। युवक लड़की की अश्लील फोटो खींच कर ब्लैकमेल करने लगा। उसने लड़की से दुष्कर्म भी किया। लड़की के स्वजनों ने जब युवक से फोटो डिलीट करने के लिए कहा तो उसने 80 हजार रुपये मांग लिए। भोगपुर पुलिस ने युवक के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
थाना भोगपुर के नजदीकी गांव की रहने वाली लड़की ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि युवक उसकी दूर की रिश्तेदारी में चाचा लगता है और अमृतसर से संबंधित है। युवक के लड़की के गांव में ननिहाल है, जिस कारण उसके घर आना-जाना था। इसी दौरान उसने लड़की को शादी का झांसा देकर अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। एक दिन उसे कोई नशीली वस्तु देकर बेहोश कर दिया और उसकी आपत्तिजनक फोटो खींच ली। इसके बाद युवक अश्लील तस्वीरें दिखा दबाव बनाकर लड़की को ब्लैकमेल करने लगा और जबरन उससे शारीरिक संबंध बना लिए। लड़की ने बदनामी के डर से बात किसी को भी नहीं बताई। इसी बीच स्वजनों ने बेटी का रिश्ता कहीं और तय किया तो लड़के ने उसकी तस्वीरें वायरल करनी शुरू कर दी और उसके होने वाले पति को भी उक्त तस्वीरें भेज दी। इससे लड़की का रिश्ता टूट गया। लड़की के माता-पिता को यह बात पता चली तो वे अपने गांव की पंचायत लेकर लड़के के शहर अजनाला पहुंचे, जहां लड़के ने पंचायत में फोटो डिलीट करने के बदले 80 हजार रुपये की मांग की। यह मांग पूरी करने में असमर्थ लड़की के स्वजनों ने पहले थाना भोगपुर और फिर एसएसपी जालंधर देहाती को शिकायत दी। पुलिस ने आरोपित अजय कुमार निवासी वार्ड नंबर पांच, ग्रीन एवेन्यू, अजनाला (अमृतसर) के खिलाफ दुष्कर्म व अन्य संगीन धाराओं के तहत केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। थाना भोगपुर के प्रभारी रछपाल सिंह ने इसकी पुष्टि की है।