अमृतसर के डेयरी कारोबारी ने वीडियो वायरल करने के बाद की खुदकुशी, सुसाइड नोट में लिखा कांग्रेस पार्षद का नाम
अमृतसर में डेयरी कारोबारी राम लाल ने जान देने से पहले वीडियो बनाकर इंटरनेट पर वायरल कर दी। उन्होंने सुसाइड नोट में कांग्रेस पार्षद संदीप सिंह उर्फ रिंका सहित कुछ लोगों के नाम लिखे हैं। पुलिस ने पार्षद पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप दर्ज कर लिया है।
अमृतसर (वेरका), जेएनएन। यहां डेयरी कारोबारी राम लाल शर्मा (55) ने वीरवार की सुबह जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली। राम लाल ने जान देने से पहले पहले सुसाइड नोट लिखा और उसमें वार्ड नंबर 18 के कांग्रेस पार्षद संदीप उर्फ रिंका सहित तीन लोगों को जिम्मेदार ठहराया। हालांकि रिंका ने आरोप बेबुनियाद बताए हैं। राम लाल ने जहरीला पदार्थ निगलने के बाद वीडियो बनाकर इंटरनेट वायरल भी की है। एडीसीपी हरपाल सिंह ने बताया कि मामले की जांच करवाई जा रही है। पुलिस ने पार्षद पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है।
जवाहर नगर निवासी विशाल शर्मा और उसके भाई पकंज शर्मा ने बताया कि वे पिता राम लाल शर्मा के साथ मिलकर डेयरी का काम करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ साल पहले उनके पिता ने पार्षद रिंका के रिश्तेदार से दुकान किराये पर ली थी। रिंका की दुकान उनकी दुकान के बिल्कुल साथ है। कुछ समय पहले पार्षद रिंका ने दुकान खाली करने को लेकर उन्हें परेशान करना शुरु कर दिया था। उन्होंने पार्षद को बताया था कि लाकडाउन के कारण वह कर्ज में दब चुके हैं। उन्होंने डेयरी के लिए बैंक से लोन भी ले रखा है। अगर वह दुकान खाली कर देंगे तो कर्ज नहीं उतार पाएंगे।
अमृतसर में पिता राम लाल की आत्महत्या के बारे में बताते हुए विशाल शर्मा और उसका भाई पकंज शर्मा।
विशाल शर्मा ने बताया कि पार्षद ने दुकान खाली करवाने के लिए उनकी दुकान के बाहर धरना लगवाया। उनकी बिजली तक कटवा दी गई। पानी का मीटर तक हटवा दिया गया। सेहत विभाग के कर्मचारी बुलवाकर उनकी डेयरी में बनने वाले खाद्य पदार्थों के सैंपल भी भरवाए। उन्होंने दुकान खाली नहीं करवाने को लेकर कोर्ट में केस भी दायर कर रखा है। बावजूद इसके वह नहीं माना। विशाल ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले रिंका ने उनके पिता को पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकियां भी दी थी। इस बाबत उन्होंने पुलिस कमिशनर को शिकायत भी दी थी। इसे लेकर वह सदर पुलिस के पास कई बार गए लेकिन पार्षद के सामने पुलिस की एक नहीं चली। उनके पिता काफी परेशान हो चुके थे। वीरवार की सुबह उन्होंने जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली।
इनके नाम लिखे सुसाइट नोट में
- कांग्रेस पार्षद संदीप कुमार उर्फ रिंका
- गणपति सर्विस, गुप्ता बेकरी, बोबी, राजू इलेक्ट्रानिक्स
आरोप बेबुनियाद, पार्षद रिंका
उधर, पार्षद संदीप उर्फ रिंका ने उक्त आरोपों को सिरे से नकारा है। उन्होंने दुकान उनके रिश्तेदारों से किराये पर ली थी। राम लाल शर्मा पर बैंक का कर्ज था और वह काफी परेशान था। इससे ज्यादा जानकारी उनके पास नहीं है।
आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज
एएसआइ गुरजीत सिंह ने बताया कि पार्षद रिंका सहित कुछ अन्य आरोपितों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में केस दर्ज किया गया है। सुसाइड नोट की भी जांच करवाई जा करी है। सभी तथ्यों को खंगाला जा रहा है।
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें