तीस साल तक कांग्रेस में रहे एडवोकेट राजीव भगत आप में शामिल
प्रदेश कांग्रेस के महासचिव एडवोकेट राजीव भगत बुधवार को आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए।
जागरण संवाददाता, अमृतसर : प्रदेश कांग्रेस के महासचिव एडवोकेट राजीव भगत बुधवार को आम आदमी पार्टी (आप) के हो गए। तीस वर्ष तक कांग्रेस से जुड़े रहे राजीव भगत ने पार्टी में कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया। कांग्रेस पार्टी के जिला अध्यक्ष रहे और वर्तमान में प्रदेश महासचिव के रूप में काम कर रहे थे। चंडीगढ़ स्थित आम आदमी पार्टी के मुख्यालय में वह आप में शामिल हो गए।
राजीव भगत ने कहा कि कांग्रेस की नीतियां ही गलत हैं। मेहनती वर्कर की कांग्रेस ने कद्र नहीं की। यह पार्टी कामर्शियल हो चुकी है। मैंने उस वक्त कांग्रेस ज्वाइन की थी जब कोई इस पार्टी का नाम तक नहीं लेता था। अब पार्टी उन लोगों को प्रमोट कर रही है जो कभी अकाली दल के साथ थे। अकाली मंत्रियों की कोठियों में घुसे रहते थे। मुझसे जूनियर वर्करों को चेयरमैनशिप तक दे दी गई। उन्होंने कहा कि दिल्ली में अरविद केजरीवाल सरकार की कार्यप्रणाली से काफी प्रभावित हूं। जिस तरह आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में सुधारवादी काम किए हैं, वैसा ही पंजाब में भी होगा।
चंडीगढ़ में आम आदमी पार्टी के पंजाब प्रभारी जरनैल सिंह और महासचिव हरचंद सिंह बरसट की उपस्थिति में भगत ने पार्टी ज्वाइन की। जरनैल सिंह ने कहा कि केजरीवाल सरकार के कार्यो से प्रभावित होकर लोग बड़ी संख्या में आप में शामिल हो रहे हैं। केजरीवाल सरकार ने दिल्ली के सरकारी स्कूलों को विश्वस्तरीय बनाया और सरकारी अस्पतालों की स्थिति को बेहतर कर विकास का नया माडल पेश किया। आज दिल्ली के लोग अपने बच्चे सरकारी स्कूल में पढ़ा रहे हैं एवं सरकारी अस्पतालों में लोगों का मुफ्त में अच्छा इलाज हो रहा है।
राजीव भगत का पंजाब में एक वर्ग विशेष पर काफी प्रभाव है। वह भगत कबीर प्रचार समिति व पीपीसीसी के प्रतिनिधि सदस्य रहे। 2014 से 2016 तक जिला कांग्रेस अमृतसर के अध्यक्ष, 2003 से 2007 तक नगर सुधार ट्रस्ट के सदस्य और 1998 से 2008 तक पंजाब यूथ कांग्रेस के महासचिव रहे।