वल्ला थाने के पास मिली युवक की अधजली लाश
वल्ला थाने से कुछ ही दूरी पर शुक्रवार की सुबह एक युवक की अधजली लाश मिलने से सनसनी फैल गई।
जागरण संवाददाता, वेरका/ अमृतसर : वल्ला थाने से कुछ ही दूरी पर शुक्रवार की सुबह एक युवक की अधजली लाश मिलने से सनसनी फैल गई। आशंका जताई जा रही है कि अशोक मुनी (18) की पहले गला दबाकर हत्या की गई और बाद में शव को खुर्दबुर्द करने के लिए आग लगा दी गई। घटना के बारे में पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। फोरेंसिक टीम को घटना स्थल से कई अहम सुराग मिले हैं। वल्ला थाना प्रभारी मुख्तियार सिंह ने बताया कि फिलहाल अकस्मात मौत का मामला दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
फोकल प्वाइंट निवासी अमरजीत सिंह मुनी ने बताया कि वह मूल रूप से बिहार के सहरसा स्थित मादो पुरी इलाके में रहते थे। परिवार सहित वह अमृतसर आ गए। उनका छोटा भाई अशोक मुनी वल्ला पशु मंडी झुग्गियों में अपनी बहन रूबी के पास रह रहा था। कुछ दिन पहले ही उसे किसी दुकान पर नौकरी पर लगवाया था। वीरवार की रात वह अपनी साइकिल पर राशन लेने बाजार गया था। लेकिन सारी रात वापस नहीं आया। इसके बाद परिवार के सभी सदस्यों और रिश्तेदारों ने अशोक की तलाश के लिए प्रयास शुरू किए। शुक्रवार की सुबह उनके करीबी बादल कुमार ने फोन पर उन्हें जानकारी दी कि अशोक मुनी की साइकिल वल्ला थाने के पास सूखी नहर में पड़ी हुई है। यह सुनकर सारा परिवार घटना स्थल पर पहुंच गया। उन्होंने बताया कि अशोक के गले पर निशान थे और जुबान बाहर निकली हुई थी। शव अधजली हालत था। परिवार ने आरोप लगाया कि किसी ने अशोक की हत्या कर शव जलाने का प्रयास किया। पांच घंटे तक नहीं पहुंची पुलिस
मामले में हैरानी की बात यह है कि मौके पर मौजूद लोगों ने सुबह सात बजे घटना के बारे में पुलिस को शिकायत कर दी थी। घटना स्थल से वल्ला थाना महज तीन सौ फुट की दूरी पर है। लेकिन पुलिस पांच घंटे बाद पहुंची। इसके साथ ही अगर किसी ने शव को रात में आग लगाई तो पुलिस को तब भी इस बारे में जानकारी नहीं लगी।