योगी आदित्यनाथ सरकार की मंत्री ने अखिलेश यादव के रामपुर दौरा को बताया ड्रामा
माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी ने कहा रामपुर में आने के बाद भी सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव कुछ भी नही कर सके।
मुरादाबाद, जेएनएन। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के करीब दो दिन के रामपुर प्रवास को योगी आदित्यनाथ सरकार में मंत्री ने महज ड्रामा बताया है। प्रदेश सरकार में माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी ने कहा रामपुर में आने के बाद भी सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव कुछ भी नही कर सके।
मंत्री गुलाब देवी ने कहा कि आजम खां के खिलाफ रामपुर में किसान इतना पीडि़त थे कि उनके सब्र का बांध टूट गया। अब उनको न्याय की आस जगी है। इसके बाद भी अखिलेश यादव एक भू-माफिया के पक्ष में रामपुर में माहौल बनाने आए थे। गरीब किसान के प्रति लंबे समय से अन्याय उनको नहीं दिख रहा है।
मंत्री ने कहा कि आजम खां के पक्ष में अखिलेश यादव का रामपुर आना महज ड्रामा है। यहां आजम खां पर जो मुकदमे किसानों ने दर्ज कराए हैं। उसमें कानून अपना काम करेगा। आजम खां की गिरफ्तारी में विलंब के सवाल पर गुलाब देवी ने कहा कि कानून अपना काम कर रहा है। हम किसी ड्रामे में विश्वास नहीं करते हैं। भारतीय जनता पार्टी सेवा में विश्वास करती है।
उन्होंने नारी एवं बाल उत्थान समिति के जिला जेल में कैदियों के स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का उद्घाटन करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को सेवा सप्ताह के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में जेल में स्वास्थ्य शिविर लगा है। शिविर का उद्घाटन करने के बाद उन्होंने कैदियों से उनका हालचाल भी पूछा।