सरकार बदलते ही पिछले फैसले बदलना गलत परंपरा: वसुंधरा राजे
राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का कहना है कि सरकार बदलते ही पिछली सरकार के फैसलों को बदलना गलत परंपरा है।
राज्य ब्यूरो, जयपुर। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का कहना है कि सरकार बदलते ही पिछली सरकार के फैसलों को बदलना गलत परंपरा है। होना यह चाहिए कि हम पिछली सरकार के अच्छे फैसलों को आगे बढ़ाएं।
जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल में राजे ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी की किताब डिल्यूजनल पॉलिटिक्स का विमोचन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने राजस्थान में पर्यटन को बढ़ाने के लिए किलों और हवेलियों से आगे बढ़ते हुए 'जाने क्या दिख जाए' का कैंपेन शुरू किया था। नई सरकार ने आते ही उसे फिर से पधारो म्हारे देस कर दिया।
राजे ने कहा कि पधारो म्हारे देस तो हमारी विरासत है ही। हमें उससे आगे बढ़कर सोचना चाहिए। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि सही ढंग से सोचने वाली कोई भी सरकार नफरत की राजनीति को प्रोत्साहित नहीं कर सकती। केंद्रीय मंत्री पुरी ने कहा कि हमारी सरकार ने पिछली सरकारों के आधार कार्ड और जीएसटी जैसे निर्णयों को आगे बढ़ाया है और यह हर सरकार को करना चाहिए।
अपनी किताब के बारे में उन्होंने कहा कि यह किताब दुनियाभर की सरकारों और नेताओं के उन निर्णयों के बारे में है, जिसके बारे में उन्हें पता था कि सही साबित नहीं होंगे, लेकिन फिर भी किए गए। इससे बहुत बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए। वहीं नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमिताभ कांत ने कहा कि हमें वैश्विक बाजार में खप सकने वाला उत्पादन करने पर जोर देना चाहिए।