Jodhpur Municipal Corporation Election 2020: जोधपुर में वैभव गहलोत व गजेंद्र सिंह शेखावत ने संभाला मोर्चा
Jodhpur Municipal Corporation Election 2020 राजस्थान में पंचायत चुनाव 2020 को लेकर इस बार जोधपुर के सांसद और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत मुख्यमंत्री और अशोक गहलोत के पुत्र वैभव गहलोत ने कमान संभाल रखी है।
जोधपुर, रंजन दवे। Jodhpur Municipal Corporation Election 2020: राजस्थान नगर निगम चुनाव 2020 को लेकर सरगर्मियां तेज हैं। ऐसे में जोधपुर नगर निगम चुनाव को लेकर एक बार फिर से दोनों ही पार्टियों के दिग्गज मैदान में आ डटे हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से लोकसभा चुनाव जीते और वर्तमान में केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालय में अपनी भूमिका निभा रहे जोधपुर के सांसद गजेंद्र सिंह शेखावत मोर्चा संभाले हैं। वहीं दूसरी ओर, कांग्रेस में भी लोकसभा चुनाव हारे मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पुत्र आरसीए चेयरमैन वैभव गहलोत ने कमान संभाली है। दोनों ही लोगों से पार्टियों के दावेदार अपने बायोडाटा लेकर मिल रहे हैं। हालांकि भाजपा में दावेदारों की संख्या ज्यादा है। फिर भी वैभव गहलोत के मोर्चा संभाल लेने से स्थिति रोचक जान पड़ रही है। दोनों ही पार्टियां जीत का दावा कर रही हैं।
नामांकन के लिए हालांकि अभी दो दिन शेष हैं। 160 सीटों पर इस बार होने वाले नगर निगम उत्तर और दक्षिण जोन में दोनों ही पार्टियां अपने-अपने बोर्ड बनाने की जुगत में है। ऐसे में कांग्रेस कमेटी की ओर से तय की गई स्क्रीनिंग कमेटी मंथन में लगी है, जहां से नाम तय होने के बाद जयपुर पीसीसी को भेजे जाएंगे। वहीं, भाजपा में तकरीबन 2000 दावेदारों के नाम सामने आने की चर्चा है। इसको लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश नजर आ रहा है। ऐसे में गजेंद्र सिंह शेखावत की मौजूदगी से और बल मिला है। इधर, कांग्रेस खेमे में लोकसभा प्रत्याशी रहे आरसीए चेयरमैन वैभव गहलोत शहर विधायक मनीषा पंवार, निवर्तमान अध्यक्ष सईद अंसारी ,राजेंद्र सोलंकी, बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्षता संगीता बेनीवाल सहित पूर्व महापौर रामेश्वर दाधीच भी कॉन्ग्रेस का बोर्ड बनाने के लिए जुटे हैं।
भारतीय जनता पार्टी ने जोधपुर में नगर निगम उत्तर और दक्षिण नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। शेखावत ने भी जोधपुर शहर का मोर्चा संभाल रखा है। जोधपुर में नगर निगम उत्तर और दक्षिण नगर निगम चुनाव में भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने के लिए जबरदस्त उत्साह है। शेखावत से मिलने बड़ी संख्या में दावेदारों का हुजूम सर्मथन के लिए उमड़ रहा है। जोधपुर में अपने पिता की ही तर्ज पर वैभव गहलोत ने भी एक होटल में दावेदारों से मुलाकात की जिन से मिलने के लिए बड़ी संख्या में कांग्रेस विचारधारा से जुड़े लोग पहुंचे।
वैभव ने भी अपने पिता और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की ही भांति समूह में आए लोगों से बारी-बारी मुलाकात की। इधर, शेखावत के निवास पर और सांसद सेवा केंद्र पर भाजपा से टिकट की आस लगाए दावेदारों नेअपना बायोडाटा थमाया। इधर, जयपुर जाने से पहले शेखावत ने कहा कि जनता के मन में कांग्रेस सरकार के खिलाफ बहुत गुस्सा है। शेखावत ने राजस्थान सरकार पर प्रहार करते हुए कहा कि जिस तरह की परिस्थितियां और राज्य सरकार की दो साल की अवधि की विफलताएं हैं, उनसे जनता ठगा महसूस कर रही है। बिजली बिलों में जो करेंट दौड़ रहा है, उसकी वजह से जनता अत्यंत गुस्से में है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मैं विश्वास के साथ कह सकता हूं कि इस बार अप्रत्याशित परिणाम आएगा। दोनों बोर्ड पर भाजपा की जीत होगी।