यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू फिर गिरफ्तार, 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए
आगरा में न्यायालय से रिहा होने के बाद अजय कुमार राजधानी लखनऊ लौट रहे थे जिन्हें लखनऊ पुलिस ने दबोच लिया। मजिस्ट्रेट ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में अस्थाई जेल भेज दिया।
लखनऊ, जेएनएन। यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को राजधानी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अजय कुमार लल्लू के खिलाफ हजरतगंज कोतवाली में मंगलवार को एफआईआर दर्ज की गई थी। मंगलवार को अजय कुमार आगरा भी पहुंचे थे, जिन्हें वहां की पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
आगरा में न्यायालय से रिहा होने के बाद अजय कुमार राजधानी लखनऊ लौट रहे थे, जिन्हें लखनऊ पुलिस ने दबोच लिया। राजधानी पुलिस ने अजय कुमार लल्लू की गिरफ्तारी की सूचना विधानसभा अध्यक्ष को देने के बाद उनका मेडिकल चेकअप कराया। इसके बाद उन्हें देर रात में मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया। मजिस्ट्रेट ने यूपी कांग्रेस अध्यक्ष को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में अस्थाई जेल भेज दिया।
बता दें कि यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के निजी सचिव संदीप सिंह समेत अन्य के खिलाफ मंगलवार को धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। आरोप है कि कांग्रेस पार्टी की ओर से प्रवासी श्रमिकों को घर पहुंचाने के लिए एक हजार बस उपलब्ध कराने की बात कही गई थी। शासन ने अनुमति देते हुए उनसे बसों का ब्यौरा मांगा था। आरोपितों ने बस की सूची में हेराफेरी कर उसे स्थानीय प्रशासन को सौंपा था।
बसों की सूची की छानबीन में पता चला कि उपलब्ध कराई गई लिस्ट में करीब 31 वाहनों पर ऑटो व अन्य थ्री व्हीलर के नंबर अंकित थे। यही नहीं 69 वाहनों पर एंबुलेंस, स्कूल बस, ट्रक, डीसीएम व निजी कार के नंंबर थे। वहीं एक ही नंबर की गाड़ी को दो सूचियों में अंकित किया गया था। इसके अलावा 70 वाहनों का डाटा ही उपलब्ध नहीं मिला था। इसके बाद परिवहन विभाग ने जांच रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी थी।
आरटीओ आरपी द्विवेदी की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की थी। आरोप है कि मानव जीवन को खतरे में डालने के लिए कागजों में छेड़छाड़ की गई थी ताकि क्षति पहुंचाया जा सके। पुलिस मंगलवार से आरोपितोंं की तलाश कर रही थी। फिलहाल, पुलिस संदीप सिंह को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।