UP Budget 2020 : यूपी में उच्च शिक्षा को लगेंगे नए पंख, खोले जाएंगे विश्वविद्यालय और सैनिक स्कूल
UP Budget 2020 उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने वर्ष 2020-21 में 3651.66 करोड़ रुपये उच्च शिक्षा का बजट निर्धारित किया गया है।
लखनऊ, जेएनएन। UP Budget 2020 : यूपी में उच्च शिक्षा को इस बार नए पंख लगाने की कोशिश इस बजट में की गई है। दो नए विश्वविद्यालय और खोले जाएंगे, इसमें प्रयागराज में विधि विश्वविद्यालय और गोरखपुर में आयुष विश्वविद्यालय शामिल हैं। वहीं आजमगढ़, सहारनपुर व अलीगढ़ में खोले जा रहे नए राज्य विश्वविद्यालयों के निर्माण के लिए रकम दी गई है। इसके साथ ही सैनिक स्कूलों का भी निर्माण किया जाएगा। बस्ती और देवीपाटन मंडल में नए इंजीनियरिंग कॉलेज खोले जाएंगे। 18 मंडलों में अटल आवासीय विद्यालय खोले जाएंगे। यहां श्रमिकों के बच्चों को कक्षा छह से कक्षा 12 तक निश्शुल्क आवासीय शिक्षा दी जाएगी। इसके लिए 270 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने वर्ष 2020-21 में 3651.66 करोड़ रुपये उच्च शिक्षा का बजट निर्धारित किया गया है। वहीं पिछले वित्तीय वर्ष 2019-20 में 2896.67 करोड़ रुपये बजट था। यानी इस बार बजट में 754.99 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी की गई है। प्रयागराज में नई खुलने जा रही लॉ यूनिवर्सिटी के निर्माण के लिए 20 करोड़ रुपये दिए गए हैं। वहीं सहारनपुर में नए खुलने जा रहे राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय को 20.70 करोड़ रुपये, सहारनपुर राज्य विश्वविद्यालय के निर्माण के लिए 20.20 करोड़ व आजमगढ़ राज्य विश्वविद्यालय के निर्माण के लिए 20.20 करोड़ रुपये की धनराशि दी गई है।
माध्यमिक शिक्षा में भी इस बार बजट बढ़ा है। बीते वित्तीय वर्ष 2019-20 में बजट 11534.65 रुपये था इसमें 1454 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी कर इसे वित्तीय वर्ष 2020-2021 में 12988.90 करोड़ कर दिया गया है। नए सैनिक स्कूलों के निर्माण के लिए 20 करोड़ रुपये दिए गए हैं। बेसिक से उच्च शिक्षा तक के शिक्षकों की भर्ती के लिए गठित नए उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को क्रियाशील करने पर 50 लाख रुपये खर्च होंगे।
वहीं राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान के तहत बस्ती मंडल व देवीपाटन मंडल मंडल में इंजीनियङ्क्षरग कॉलेज खोलने के लिए दो-दो करोड़ रुपये दिए गए हैं।
प्राथमिक शिक्षा के बजट में इस बार करीब 1072.45 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी की गई है। पिछले वित्तीय वर्ष 2019-2020 में बजट 53992.10 करोड़ रुपये था। इस बार 2020-2021 में इस बजट को बढ़ाकर 55064.55 करोड़ रुपये कर दिया गया है। इस बजट में 18363 करोड़ रुपये समग्र शिक्षा अभियान के तहत स्कूली शिक्षा का उन्नयन किया जाएगा। स्मार्ट टीचिंग को बढ़ावा दिया जाएगा। आपरेशन कायाकल्प के तहत 91236 स्कूलों में बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं समाज कल्याण के समेकित विशेष विद्यालयों के संचालन के लिए सात करोड़ रुपये दिए गए हैं।
गोरखपुर व भदोही में पशु चिकित्सा महाविद्यालय
सरकार ने बजट में भदोही और गोरखपुर में पशु चिकित्सा महाविद्यालय की स्थापना के लिए 40 करोड़ रुपये की व्यवस्था की है। इसके अलावा मथुरा में कालेज आफ डेरी साइंसेज की स्थापना के लिए 10.34 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। पंडित दीनदयाल पशुचिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय के अंतर्गत महाविद्यालय स्थापित किया जाएगा। विश्वविद्यालय परिसर मेेंं सौ बेड का महिला छात्रावास निर्माण कराने के लिए 6.46 करोड़ रुपये प्रदान किए गए है।
यह है खास
- 18 मंडलों में श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों के बच्चों को निश्शुल्क आवासीय शिक्षा देने के लिए खुलेंगे अटल आवासीय विद्यालय।
- प्राथमिक शिक्षा के बजट में 1072.45 करोड़ की बढ़ोतरी।