Move to Jagran APP

UP By-Election Result 2019 : भाजपा ने 8 और सपा ने 3 सीट जीतीं, पढ़ें जीत-हार का विस्तृत ब्यौरा

UP Assembly ByElection Result 11 विधानसभा सीट पर हुए उप चुनाव में सात सीट पर भाजपा व एक सीट पर सहयोगी अपना दल एस ने जीत दर्ज की है जबकि तीन सीट पर समाजवादी पार्टी का परचम लहराया।

By Dharmendra PandeyEdited By: Published: Thu, 24 Oct 2019 09:25 AM (IST)Updated: Fri, 25 Oct 2019 11:19 AM (IST)
UP By-Election Result 2019 : भाजपा ने 8 और सपा ने 3 सीट जीतीं, पढ़ें जीत-हार का विस्तृत ब्यौरा
UP By-Election Result 2019 : भाजपा ने 8 और सपा ने 3 सीट जीतीं, पढ़ें जीत-हार का विस्तृत ब्यौरा

लखनऊ, जेएनएन। प्रदेश में 11 विधानसभा सीटों पर हुए उप चुनाव में सात सीटों पर भाजपा व एक सीट पर सहयोगी अपना दल एस ने जीत दर्ज की है जबकि तीन सीटों पर समाजवादी पार्टी का परचम लहराया है। 2017 के सापेक्ष अगर इस चुनाव परिणाम का आकलन करें तो भाजपा और बसपा को एक-एक सीट गंवानी पड़ी है, लेकिन समाजवादी पार्टी को दो सीटों का लाभ हुआ है। आजम खां ने रामपुर में अपना जलवा कायम रखा तो अंबेडकरनगर के जलालपुर और बाराबंकी के जैदपुर में समाजवादी पार्टी ने परचम लहरा दिया। भाजपा को जैदपुर की सीट गंवानी पड़ी, जबकि सपा ने जलालपुर सीट को बसपा से झटका।

loksabha election banner

भाजपा ने इस चुनाव को जीतने के लिए पूरी ताकत लगा दी थी जबकि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव सिर्फ रामपुर सीट पर प्रचार करने गये। बसपा और कांग्रेस के शीर्ष नेता कहीं नहीं गये। गुरुवार को घोषित परिणाम के मुताबिक सहारनपुर की गंगोह सीट पर भाजपा के किरत सिंह ने कांग्रेस के नोमान मसूद को 5419 मतों से हरा दिया। रामपुर में डा. तजीन फातमा अपने पति सपा सांसद आजम खान की सीट बचाने में कामयाब हुई हैं। उन्होंने भाजपा के भारत भूषण के मुकाबले 7716 मतों से जीत दर्ज की। सपा के ही सुभाष राय ने अंबेडकरनगर की जलालपुर सीट पर बसपा की डा. छाया वर्मा को 790 मत से हरा दिया। इससे पहले 2017 में यह सीट बसपा ने जीती थी। 

बाराबंकी की जैदपुर सीट जीतने में भी सपा को कामयाबी मिली है। इस सीट पर सपा के गौरव कुमार ने भाजपा के अंबरीश रावत को 4165 मतों से हरा दिया। पिछली बार यह सीट भाजपा के खाते में थी। प्रतापगढ़ में अपना दल एस के राजकुमार पाल ने सपा के ब्रजेश वर्मा को 29721, लखनऊ कैंट में भाजपा के सुरेश तिवारी ने सपा के मेजर आशीष को 35428, कानपुर के गोविंदनगर में भाजपा के सुरेंद्र मैथानी ने कांग्रेस की करिश्मा ठाकुर को 21244, अलीगढ़ के इगलास में भाजपा के राजकुमार सहयोगी ने बसपा के अभय कुमार को 25937, चित्रकूट के मानिकपुर में भाजपा के आनन्द शुक्ल ने सपा के निर्भय पटेल को 12840 मतों से हराया है। बहराइच के बलहा में भाजपा की सरोज सोनकर ने सपा की किरन भारती को 43683 मतों से हराया जबकि घोसी में विजय राजभर ने सपा समर्थित सुधाकर सिंह को 1773 मतों से हरा दिया। 

राजनीतिक दलों को मिले मतों का प्रतिशत 

भाजपा        35.64

सपा            22.61

बसपा         17.02

कांग्रेस        11.49

नोटा            0.85

जीत-हार का विस्तृत ब्यौरा

लखनऊ कैंट विधानसभा क्षेत्र : भाजपा के सुरेश चंद्र तिवारी की बंपर जीत 

भाजपा के सुरेश चंद्र तिवारी ने बंपर जीत दर्ज की। सुरेश को कुल पड़े मतों में आधे से अधिक मिले और समाजवादी पार्टी के मेजर आशीष चतुर्वेदी को 35423 वोटों से हरा दिया। कांग्रेस प्रत्याशी तीसरे और सोशल इंजीनियरिंग के सहारे जीत की उम्मीद लगा रहे बसपा प्रत्याशी चौथे स्थान पर रहे।

कैंट विधानसभा के उपचुनाव में करीब पौने चार लाख मतों में से 110776 मत पड़े थे। 25 राउंड तक चली मतगणना के बाद भाजपा के सुरेश चंद्र तिवारी के 56684 वोट हासिल हुए। वह चौथी बार इस क्षेत्र से विधायक चुने गए हैं। इससे पहले वह 2007, 2002 व 1996 में विधानसभा से विधायक चुने जा चुके हैं। समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे अखिलेश यादव के करीबी मेजर आशीष चतुर्वेदी को 21261 वोट मिले। दिलप्रीत सिंह जैसे युवा चेहरे पर दांव लगाने वाली कांग्रेस तीसरे नंबर पर रही। दिलप्रीत को 19445 वोट हासिल हुए। बहुजन समाज पार्टी के अरुण कुमार द्विवेदी 10709 वोट पाकर चौथे स्थान पर रहे।

इगलास विधानसभा क्षेत्र :भाजपा के राजकुमार सहयोगी जीते

अलीगढ़ की इगलास विधानसभा क्षेत्र में भाजपा ने दूसरी बार जीत दर्ज कर अपनी बादशाहत कायम रखी है। उपचुनाव में राजकुमार सहयोगी विधायक निर्वाचित हुए हुए हैं। उन्होंने मतदान के 50 फीसद से अधिक 75673 वोट मिले। 25937 वोटों से जीत दर्ज की। बसपा दूसरे स्थान पर रही।

कांग्रेस प्रत्याशी जमानत नहीं बचा पाए। धनीपुर मंडी में गुरुवार सुबह आठ बजे शुरू हुई मतगणना के शुरूआती तीन राउंड में बसपा प्रत्याशी अभय कुमार ने बढ़त लेकर भाजपा खेमे में खलबली मचा दी थी। इसके बाद के हर राउंड में पिछड़ते चले गए। शाम करीब चार बजे मतगणना खत्म हुई। बसपा के खाते में 49,736 वोट गए। कांग्रेस के उमेश दिवाकर 10795 वोट पाकर तीसरे स्थान पर रहे। 4696 वोट लेकर लोकदल के मुकेश कुमार चौथे स्थान पर रहे। नोटा के खाते में 1098 वोट गए हैं। यह सीट विधायक रहे राजवीर सिंह दिलेर के हाथरस सांसद बनने से खाली हुई थी। उपचुनाव में 10 उम्मीदवारों ने पर्चा भरा। रालोद समेत तीन का पर्चा जांच में खारिज हो गया। सात प्रत्याशी मैदान में रहे। रालोद के मुकाबले से बाहर होने पर बसपा मुख्य मुकाबले में आ गई। 21 अक्टूबर को कुल 3.74 लाख वोटरों में से 1.46 लाख ने ही मतदान किया। 39.06 फीसद मतदान हुआ। कम मतदान के चलते भाजपा व बसपा में कड़ी टक्कर की संभावना जताई जा रही थी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। 

बलहा विधानसभा क्षेत्र : भाजपा की सरोज सोनकर का परचम

बहराइच के बलहा विधानसभा उपचुनाव में भी गुरुवार को भाजपा ने जीत का परचम लहराया है। भाजपा की सरोज सोनकर ने सपा प्रत्याशी किरन भारती को 46481 मतों के भारी अंतर से करारी शिकस्त दी है।

भाजपा प्रत्याशी सोनकर को 89627 व सपा को 43146 मत मिले। बसपा प्रत्याशी रमेश गौतम 31633 मत पाकर तीसरे स्थान व कांग्रेस प्रत्याशी मन्नो देवी को महज 1350 मतों से संतोष करना पड़ा। उनकी जमानत तक जब्त भी हो गई।

मानिकपुर विधानसभा क्षेत्र : भाजपा के आनंद शुक्ला ने जीत दर्ज की  

चित्रकूट की मानिकपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव की मतगणना के बाद भाजपा के आनंद शुक्ला ने जीत दर्ज की है। शुरुआत से ही कड़ी टक्कर के बीच आनंद ने 66310 वोट पाकर प्रतिद्वंद्वी सपा के निर्भय सिंह पटेल को 12,840 मतों से शिकस्त दी है।

उनकी जीत से समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई और मतगणना स्थल के बाहर ढोल नगाड़ों के बीच जश्न मना एक दूसरे का मुंह मीठा कराया। समर्थकों ने आनंद शुक्ला को फूल मालाओं से लाद दिया।

गोविंद नगर विधानसभा क्षेत्र : भाजपा के सुरेंद्र मैथानी का परचम

कानपुर की गोविंद नगर विधानसभा क्षेत्र के लोगों को अपना नया विधायक मिल गया है। इस सीट पर उपचुनाव में भाजपा के सुरेंद्र मैथानी बीस हजार वोटों से जीत गए हैं। उन्होंने प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस प्रत्याशी करिश्मा ठाकुर को शिकस्त दी है।

अंतिम राउंड की गणना के बाद भाजपा प्रत्याशी को 60172 वोट मिले हैं, जबकि दूसरे नंबर पर रहीं कांग्रेस प्रत्याशी करिश्मा ठाकुर ने 39474 वोट हासिल किए हैं।  

प्रतापगढ़ सदर विधानसभा क्षेत्र : अपना दल-भाजपा के राजकुमार पाल विजयी

प्रतापगढ़ जनपद में सदर विधानसभा के उप चुनाव में जीत हासिल करके अपना दल ने इस सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा है। गुरुवार को मतगणना के बाद अपना दल-भाजपा के संयुक्त उम्मीदवार राजकुमार पाल को 29 हजार 721 वोटों से विजयी घोषित किया गया। दूसरे स्थान पर सपा उम्मीदवार बृजेश वर्मा पटेल रहे। सदर सीट पर 2017 में अपना दल से विधायक चुने गए संगम लाल गुप्ता के सांसद बन जाने से यह सीट रिक्त हुई थी। भाजपा ने गठबंधन के तहत यह सीट अपना दल को दी।

इसके बाद अपना दल ने राजकुमार पाल को मैदान में उतारा। राजकुमार को 52949 वोट मिले। रनर रहे सपा प्रत्याशी बृजेश वर्मा को 23928 वोट मिले। तीसरे स्थान पर रहे असउद्दीन ओवैसी की पार्टी एआइएमआइएम के उम्मीदवार इसरार अहमद को 20269 मत हासिल हुए। चौथे स्थान पर कांग्रेस प्रत्याशी डा. नीरज त्रिपाठी रहे। इनको 19715 वोट मिले। पांचवें स्थान पर रहे बसपा के प्रत्याशी रणजीत पटेल को 19 हजार वोट प्राप्त हुए।

घोसी विधानसभा क्षेत्र : भाजपा के विजय राजभर ने जीत दर्ज की

मऊ की घोसी विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा का कब्जा बरकरार रहा। पार्टी के उम्मीदवार विजय राजभर ने विजय की भगवा पताका लहराते हुए सीट को पार्टी की झोली में डाल दिया। उन्होंने सपा समर्थित निर्दल उम्मीदवार पूर्व विधायक सुधाकर सिंह को 1773 मतों से पराजित किया।

तीसरे स्थान पर बसपा के अब्दुल कयूम अंसारी रहे। इन तीन उम्मीदवारों के अलावा बाकी सभी उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई। हालांकि जमानत खोकर भी चौथे पर कांग्रेस के राजमंगल यादव व पांचवें स्थान सुभासपा के उम्मीदवार नेबूलाल रहे।

गंगोह विधानसभा क्षेत्र : कड़े संघर्ष में जीते भाजपा के किरत सिंह

सहारनपुर के गंगोह विधानसभा उपचुनाव की मतगणना कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह आठ बजे शुरू हुई। 31 राउंड की मतगणना संपन्न होने के बाद भाजपा प्रत्याशी किरत सिंह ने कांग्रेस प्रत्याशी नोमान मसूद को हराकर जीत हासिल कर ली।

भाजपा प्रत्याशी को 68237 वोट मिले जबकि कांग्रेस प्रत्याशी नोमान मसूद को 62875 वोट मिले। भाजपा ने यह सीट 5362 वोट से जीत ली। सपा तीसरे व बसपा चौथे स्थान पर रही। हार के बाद नोमान मसूद ने प्रशासन के खिलाफ जहर उगलना शुरू कर दिया और तमाम आरोप-प्रत्यारोप लगाए। गंगोह विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को वोट डाले गए थे। गुरुवार को कड़ी सुरक्षा के बीच मतों की गिनती शुरू हुई। यहां 31 राउंड में मतगणना होनी थी। पहले राउंड में समाजवादी पार्टी के चौधरी इंद्रसेन ने 74 मतों की मामूली बढ़त बनाई मगर उसके बाद से लगातार कांग्रेस के नोमान मसूद बढ़त बनाए हुए थे। 

रामपुर विधानसभा क्षेत्र : सपा प्रत्याशी डॉ. तजीन फात्मा की जीत

रामपुर की रामपुर विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी का जलवा बरकरार रहा। उपचुनाव में सांसद आजम खां की पत्नी व सपा प्रत्याशी डॉ. तजीन फात्मा ने भारतीय जनता के पार्टी के प्रत्याशी भारत भूषण गुप्ता को 7589 मतों से हरा दिया। डॉ. तजीन फात्मा को 78815 तो वहीं भाजपा के भारत भूषण गुप्ता को 71226 मत मिले।

वहीं कांग्रेस और बसपा समेत अन्य सभी प्रत्याशी अपनी जमानत भी नहीं बचा पाए। कांग्रेस प्रत्याशी अरशद अली गुड्डू को जहां 4159 मत मिले वहीं बसपा प्रत्याशी जुबैर मसूद  खान को 3435 मत मिले। सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना शुरू हुई थी। 31 राउंड तक चली मतगणना में अधिकतर राउंड सपा प्रत्याशी ने ही जीते और कुछ राउंड में भाजपा प्रत्याशी ने भी जीत दर्ज की।

जैदपुर विधानसभा क्षेत्र : सपा प्रत्याशी गौरव रावत जीते

बाराबंकी के जैदपुर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव का परिणाम काफी दिलचस्प रहा। मतगणना के दौरान ऐसा माहौल दिखा मानो कमल को खिलने से पंजा रोक रहा हो और साइकिल रफ्तार बनाती गई। सपा प्रत्याशी गौरव रावत 78172 मत पाकर 4165 मतों के अंतर से चुनाव जीते।

प्रतिद्वंद्वी भाजपा प्रत्याशी अंबरीश रावत को 74007, कांग्रेस प्रत्याशी तनुज पुनिया को 43983, बसपा प्रत्याशी अखिलेश अंबेडकर को 18202, पीस पार्टी प्रत्याशी कैलाश बहादुर को 3390, समदर्शी समाज पार्टी प्रत्याशी सुरेश रावत को 904, नागरिक एकता पार्टी प्रत्याशी हरिनंदन सिंह को 1398 वोट मिले। नोटा के बटन को भी 1550 लोगों ने दबाया। बाराबंकी में भाजपा का वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव से शुरू हुआ जीत का तिलिस्म जैदपुर विधानसभा के उपचुनाव में टूट गया। समाजवादी पार्टी ने वापसी करते हुए एक बार फिर इस सीट पर अपना कब्जा जमा लिया। इस सीट पर पहली बार 2017 में भाजपा के उपेंद्र सिंह रावत ने जीत हासिल कर रिकार्ड बनाया था। उनके सांसद चुने जाने के बाद हुए उप चुनाव में भाजपा लोगों का विश्वास नहीं हासिल कर सकी। कांग्रेस के तनुज पुनिया भले ही हार की हैट्रिक लगाई हो पर पैंतालीस हजार से ज्यादा मत हासिल कर उन्होंने अपनी दमदार मौजूदगी दर्ज कराई।

जलालपुर विधानसभा क्षेत्र : सपा के सुभाष राय ने मारी बाजी

अंबेडकरनगर के जलालपुर विधानसभा उपचुनाव के परिणाम ने इस क्षेत्र की अब तक की सियासत को नया स्वरूप दिया है। यहां चुनाव में जातीय समीकरण का किला ध्वस्त होता दिखा तो भाजपा लहर के बाद भी उपचुनाव में डॉ. राजेश सिंह को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। परिणाम अप्रत्याशित रूप से समाजवादी पार्टी के पाले में गया और उसके उम्मीदवार सुभाष राय (72589) ने बसपा की डॉ. छाया वर्मा को कांटे के मुकाबले में (71813) को 776 मतों से पराजित किया।

इसके बाद जीत का सेहरा अपने सिर पर बांधने में सफलता हासिल की। जलालपुर विधानसभा की सीट बसपा के खाते में वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में रितेश पांडेय को मिली थी। इसके बाद यह सीट उनके सांसद बनने के बाद खाली हुई। गुरुवार को परिणाम आने के बाद बसपा ने अपनी सीट गवां दी और भाजपा का प्रयास पूरी तरह से निष्फल रहा। शासन सत्ता का सहयोग व मंत्रियों के खाक छानने के बाद भी पार्टी यहां तीसरे स्थान पर पहुंच गई। सुभाष राय के इस जीत में भियांव ब्लॉक का प्रमुख योगदान रहा। मतगणना के दौरान दोपहर बाद जब भियांव ब्लॉक की तरफ के ईवीएम खुले तो सुभाष को वहीं से विधायक बनाने की ताकत मिलती गई जो उन्हें जीत तक ले गई।

सपा ने साबित किया वही मुख्य विपक्षी दल

समाजवादी पार्टी ने साबित कर दिया कि उत्तर प्रदेश में वह मुख्य विपक्षी दल है। समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी ऐसी स्थिति में जीते जब उनकी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव सिर्फ रामपुर में प्रचार करने गए। अम्बेडकरनगर की जलालपुर सीट पर सपा के सुभाष राय ने अंतिम चरण की मतगणना में बसपा की डॉ. छाया वर्मा को पीछे छोड़ दिया। यहां पर भाजपा के डॉ. राजेश सिंह तीसरे स्थान पर रहे। बाराबंकी के जैदपुर में सपा ने परचम लहराया। वहां सपा के गौरव सिंह रावत ने जीत दर्ज की। उन्होंने भाजपा के अम्बरीश रावत को पराजित किया। रामपुर विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी का जलवा बरकरार रहा। उपचुनाव में सांसद आजम खां की पत्नी व सपा प्रत्याशी डॉ. तजीन फात्मा ने भारतीय जनता के पार्टी के प्रत्याशी भारत भूषण गुप्ता को 7589 मतों से हरा दिया। डॉ. तजीन फात्मा को 78815 तो वहीं भाजपा के भारत भूषण गुप्ता को 71226 मत मिले।

सभी विजयी प्रत्याशियों को योगी आदित्यनाथ ने दी बधाई

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा की 11 सीटों पर हुए उप चुनाव में सभी विजयी प्रत्याशियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि इस जीत को सभी चुने गए जनप्रतिनिधि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्र सबका साथ-सबका विकास के माध्यम से सबका विश्वास में बदलेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आशा व्यक्त की कि उप चुनाव में जीते हुए सभी प्रत्याशी जनआकांक्षाओं को पूरा करने में अपना पूर्ण योगदान देंगे तथा प्रदेश की प्रगति में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.