Politics : केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कसा तंज, कहा-विफलता का बढ़ता अंबार, फिर भी चुप गहलोत सरकार
जोधपुर से सांसद और केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने राज्य में कानून व्यवस्था को लेकर सीएम अशोक गहलोत पर निशाना साधा है। गंभीर मुद्दों पर सीएम की चुप्पी पर सवाल उठाए।
रंजन दवे, जोधपुर। जोधपुर से सांसद और केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने राज्य में कानून व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधा है। शेखावत ने गंभीर मुद्दों पर मुख्यमंत्री की चुप्पी पर भी सवाल उठाए हैं।
अलवर में सामूहिक दुष्कर्म के घृणित कृत्य ने शर्मसार किया
शेखावत ने कहा कि अलवर ज़िले में 45 वर्षीया महिला के साथ घटित सामूहिक दुष्कर्म के घृणित कृत्य ने राज्य को शर्मसार किया है। यह प्रदेश की लचर हो चुकी शासन व्यवस्था की सच्चाई है। उन्होंने तंज कसा कि विफलता का बढ़ता अंबार, फिर भी चुप गहलोत सरकार।
गहलोत सरकार शासन में हो रहा नैतिक ह्रास चिंता का विषय
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अपनी सभ्यता पर गर्व करने वाले राजस्थान पर गहलोत सरकार के शासन में हो रहा नैतिक ह्रास चिंता का विषय है, लेकिन राज्य के मुख्यमंत्री ऐसे गंभीर मुद्दों पर चुप्पी साधे हुए हैं। शेखावत ने पूछा कि क्या राज्य के मुखिया की जनता के प्रति कोई जवाबदेही नहीं है?
पीएम मोदी का विरोध मनोग्रसित विकार के स्तर तक चला गया
शेखावत ने किसानों से जुड़े मुद्दे का ज़िक्र करते हुए कांग्रेस पार्टी पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस झूठ बोल किसानों को भ्रमित कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध मनोग्रसित विकार के स्तर तक चला गया है।
एक्ट रद्द होने से बिचौलियों का एकाधिकार समाप्त होने जा रहा है
साफ सी बात है, APMC एक्ट रद्द होने से किसानों पर बिचौलियों का एकाधिकार समाप्त होने जा रहा है, जिनको अपने कमीशन के खत्म होने का डर है, वह किसानों से झूठ बोल कर उन्हें भ्रमित कर रहे हैं।