गोवा में सरकार बनाने के दावे के बीच दो कांग्रेस विधायक विदेश रवाना
गोवा विधानसभा में 16 विधायकों के साथ कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी है और उसने यह कहते हुए सरकार बनाने का दावा पेश किया है कि उसे 21 विधायकों का समर्थन हासिल है।
पणजी, एजेंसी। गोवा में सरकार बनाने के दावे के बीच कांग्रेस के दो विधायक गुरुवार को विदेश यात्रा पर रवाना हो गए हैं। वहीं, गोवा के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने भाजपानीत गठबंधन में नेतृत्व परिवर्तन को पूरी तरह खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास सरकार बनाने लायक संख्या बल नहीं है।
मालूम हो कि मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर की खराब सेहत के मद्देनजर नेतृत्व परिवर्तन की अटकलें लगाई जा रही हैं। पर्रिकर दिल्ली स्थित एम्स में अपना इलाज करा रहे हैं। गोवा कांग्रेस के दो विधायक जेनिफर मॉन्सेराते और फिलिप नेरी रोड्रिग्स गुरुवार को क्रमश: चीन और यूरोप की यात्रा पर रवाना हो गए।
हालांकि, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश चोड़नकर ने कहा कि दोनों विधायकों की यात्रा के बारे में पार्टी को पूरी जानकारी है और जब भी पार्टी को उनकी जरूरत होगी वे 48 घंटे के भीतर गोवा पहुंच जाएंगे। उधर, विश्वजीत राणे ने कहा कि सरकार अच्छी तरह कार्य कर रही है और सभी गठबंधन सहयोगी पर्रिकर का दृ़ढ़ता से समर्थन कर रहे हैं।
गोवा विधानसभा में 16 विधायकों के साथ कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी है और उसने यह कहते हुए सरकार बनाने का दावा पेश किया है कि उसे 21 विधायकों का समर्थन हासिल है। कांग्रेस के इस दावे पर राणे ने कहा, 'कांग्रेस के पास अगर 21 विधायकों का समर्थन है तो उसे राज्यपाल के समक्ष उनकी परेड करानी चाहिए।' उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के नेता बार-बार भाजपा विधायकों को फोन करके समर्थन देने का आग्रह कर रहे हैं।
पर्रिकर के लिए मौलानाओं ने की दुआ
मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए गोवा भाजपा मुख्यालय पर राज्यभर से आए 10 मौलानाओं ने गुरुवार को एक एक घंटे तक कुरान का पाठ (कुरान खवानी) किया और आधे घंटे तक अल्लाह से उनके लिए दुआएं मांगी। प्रदेश भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चे के अध्यक्ष शेख जिन्ना ने यह जानकारी दी।