Move to Jagran APP

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा- देश की सुरक्षा और प्रगति के लिए घातक है भाजपा सरकार

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की संकीर्ण मानसिकता और विद्वेष से भरी विभाजनकारी नीतियों के चलते देश में कोरोना संकट गहराया है।

By Umesh TiwariEdited By: Published: Thu, 21 May 2020 10:30 PM (IST)Updated: Fri, 22 May 2020 07:40 AM (IST)
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा- देश की सुरक्षा और प्रगति के लिए घातक है भाजपा सरकार
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा- देश की सुरक्षा और प्रगति के लिए घातक है भाजपा सरकार

लखनऊ, जेएनएन। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की संकीर्ण मानसिकता और विद्वेष से भरी विभाजनकारी नीतियों के चलते देश में कोरोना संकट गहराया है। इस कारण अर्थव्यवस्था रसातल में पहुंच गई है। विदेश नीति की विफलताओं के कारण सीमाएं असुरक्षित हैं और पड़ोसी देशों से रिश्ते बिगड़े हैं। भाजपा का सत्ता में बने रहना देश की सुरक्षा और प्रगति के लिए नुकसानदेह व घातक है।

loksabha election banner

यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरुवार को जारी बयान में कहा कि सरकार की विफल विदेश नीति के कारण नेपाल से भारत के विरोध में स्वर उठने लगे हैं। स्थिति यह है कि नेपाल के प्रधानमंत्री नेपाली संसद में भारत विरोधी बयान दे रहे हैं। नेपाल भारतीय क्षेत्रों पर अपने अधिकार के नक्शे जारी कर रहा है। नेपाल विश्वासपात्र और सबसे पुराना साथी रहा है। भाजपा की नीतियों से वह हमसे दूर चला गया है। चीन हमारा पुराना प्रतिद्वंद्वी है। नेपाल में उसके प्रभाव को रोकने में भाजपा सरकार विफल रही है।

कोरोना संकट से निपटने में प्रधानमंत्री ताली-थाली बजवाकर और दीये जलवाकर भी कोई चमत्कार नहीं कर पाए हैं। मजबूर मजदूरों को घर तक न पहुंचाने के लिए तरह-तरह के बहाने गढ़े जा रहे हैं। प्रदेश में कोराना के संबंध में हजारों एफआइआर दर्ज हैं। ऐसा लगने लगा है कि कोरोना संक्रमण कोई चिकित्सकीय समस्या नहीं बल्कि आपराधिक समस्या है। क्वारंटाइन सेंटरों की बदहाली और उनके प्रति भाजपा सरकार की भेदभावपूर्ण नीति के चलते लोग यहां जाने से डर रहे हैं। आवश्यक चिकित्सकीय सुरक्षा के अभाव में डॉक्टर, नर्स और दूसरे स्वास्थ्यकर्मी भी संक्रमित हो रहे हैं।

बहादुर बिटिया को सपा करेगी एक लाख की मदद

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दिल्ली से दरभंगा अपने पिता को साइकिल पर ले जाने वाली बहादुर बिटिया ज्योति कुमारी को एक लाख रुपये की मदद पहुंचाने का एलान किया है। ज्योति ने करीब 1200 किलोमीटर से अधिक का सफर अपने पिता को साइकिल में बैठाकर पूरा किया। अखिलेश ने ट्वीट किया- 'सरकार से हारकर एक 15 वर्षीय लड़की निकल पड़ी है, अपने घायल पिता को लेकर सैकड़ों मील के सफर पर... दिल्ली से दरभंगा। आज देश की हर नारी और हम सब उसके साथ हैं। हम उसके साहस का अभिनंदन करते हुए उस तक एक लाख रुपये की मदद पहुंचाएंगे।'


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.