शिवराज सिंह चौहान ने 1 लाख 46 हजार ओलावृष्टि से पीड़ित किसानों को दी 202.90 करोड़ रुपये की राहत राशि
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज किसानों को ओलावृष्टि से हुए नुकसान की भरपाई करने हेतु राहत राशि का वितरण किया। सीएम ने 26 जिलों के 1 लाख 46 हजार से अधिक किसानों के खातों में 202 करोड़ 90 लाख रुपये की राहत राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से डाली।

भोपाल, एजेंसी। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज किसानों को ओलावृष्टि से हुए नुकसान की भरपाई करने हेतु राहत राशि का वितरण किया। सीएम ने 26 जिलों के प्रभावित 1 लाख 46 हजार से अधिक किसानों के खातों में 202 करोड़ 90 लाख रुपये की राहत राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से डाली। कोविड पॉजिटिव होने के चलते मुख्यमंत्री कार्यक्रम में वर्चुअली उपस्थित रहे।
इस दौरान सीएम ने कार्यक्रम से जुड़े प्रभावित किसान भाई-बहनों से संवाद कर फसल नुकसान, फसल का सर्वे और दी गई राहत राशि के बारे में बातचीत की। मुख्यमंत्री ने किसानों से कृषि कल्याण और अन्य योजनाओं से मिलने वाले लाभ के बारे में भी चर्चा की। इसकी जानकारी सीएम शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया एप कू के माध्यम से दी।
- CM Madhya Pradesh (@CMMadhyaPradesh) 17 Feb 2022
मुख्यमंत्री ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि मैं अन्नदाता को प्रणाम करता हूं। अन्न सभी को मिले उसके लिए यदि किसी को धन्यवाद देना चाहिए तो वह हमारे किसान हैं। किसान दिन-रात मेहनत, खून-पसीना एक करता है। सीएम चौहान ने कहा कि मेरे किसान भाइयों हर संकट के समय सरकार आपके साथ खड़ी है। फसल बीमा योजना की राशि और मिलेगी, इसके लिए भी हम कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। मैं आपके परिवार का सदस्य ही हूं। उन्होंने आगे कहा कि दो साल में जीरो परसेंट ब्याज पर 29 हजार करोड़ रुपये से अधिक किसानों को दिलवाने का काम किया है। मुख्यमंत्री ने ईमानदारी से सर्वे के लिए जिला प्रशासन की प्रशंसा करते हुए अधिकारियों को बधाई दी।
26 जिलों की फसलों को हुआ था नुकसान
बता दें प्रदेश में बीते दिनों बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से 26 जिलों के किसानों की फसलों को नुकसान हुआ था। प्रदेश में एक लाख 34 हजार 19 हेक्टेयर क्षेत्र की फसलें प्रभावित हुई थी। सर्वे के बाद प्रभावित किसानों को फसल क्षति की राशि का वितरण किया गया है।
मुख्यमंत्री ने किसानों से की बात
प्रदेश में हुई ओलावृष्टि और असामयिक वर्षा से प्रभावित जिलों के किसानों से मुख्यमंत्री चौहान ने बात भी की। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह से संवाद करते हुए सागर जिले की सरोजिनी चढ़ार ने बताया कि गेहूं की फसल ओलावृष्टि में चार आना नष्ट हो गई, किंतु सर्वे से पूरी तरह संतुष्ट हैं। प्रधानमंत्री सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है। कपिलधारा योजना का भी लाभ मिला है। वहीं मुख्यमंत्री से संवाद करते हुए गुना जिले के फसल क्षति प्रभावित फूल सिंह ने बताया कि मेरी साढ़े पांच बीघा जमीन है। इसमें सरसों की फसल ओलावृष्टि से पूरी खराब हो गई। सर्वे से संतुष्ट हैं। पीएम सम्मान निधि भी मिल रही है।
- Jansampark MP (@JansamparkMP) 17 Feb 2022
Edited By Sanjeev Tiwari