शिवराज सिंह ने कहा- रात उनकी है लेकिन सुबह हमारी होगी, तृणमूल सरकार को उखाड़ फेंकेगी भाजपा
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी पार्टी पर जोरदार प्रहार किया।
कोलकाता, जेएनएन। दो दिनों की हैं बहारें जग में, कब जुल्म किसी का चलता है, यह जुल्म का सूरज लाख चढ़े, हर शाम को लेकिन ढलता है, ये सूरज ढलेगा, नूर की एक किरण जुल्म पर भारी पड़ेगी, रात उनकी है लेकिन सुबह हमारी होगी, लोकतंत्र की सुनहरी सुबह भाजपा लेकर जरूर आएगी।
इस विश्वास के साथ मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी पार्टी पर जोरदार प्रहार किया। प्रदेश भाजपा मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन के दौरान उन्होंने तृणमूल कांग्रेस की नीति और नीयत पर सवाल किया। बंगाल में भाजपा की सभाओं को अनुमति नहीं मिलने पर उन्होंने ममता सरकार को निशाना बनाया और कहा कि ऐसा अंग्रेजों के जमाने में भी नहीं होता था| उन्होंने कहा कि बंगाल में लोकतंत्र को कुचल दिया गया है।
चौहान ने सारधा चिटफंड घोटाले का जिक्र करते हुए कहा कि ममता बनर्जी को देश को जवाब देना होगा।एक पुलिस अधिकारी को बचाने के लिए ममता बनर्जी के धरने पर बैठने पर चौहान ने सवाल किया कि उनकी पार्टी के मंत्री और सांसद जब इस मामले में गिरफ्तार हुए थे तो उन्हें बचाने के लिए ममता ने धरना क्यों नहीं दिया।ममता जी जितनी ताकत से भाजपा को रोकेगी जनता उतना ही उत्साह से भाजपा के साथ खड़ी होगी। भाजपा तृणमूल सरकार को उखाड़ फेंकेगी। भाजपा के कार्यकर्ता डरने और दबने वाले नहीं है।
उन्होंने गठबंधन को ठगबंधन बताते हुए ममता पर क|टाक्ष किया और कहा कि बेमेल गठबंधन कभी सफल नहीं होगा। यह गठबंधन मोदी की वापसी को नहीं रोक सकता। इस बार भी भाजपा केंद्र में शानदार सफलता हासिल कर सरकार बनाएगी।अकेले भाजपा 300 तक सीटें हासिल करेगी। बंगाल में भी इसकी सीटें काफी बढ़ेंगी| उन्होंने गठबंधन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि हाथ मिले हैं लेकिन दिल नहीं मिले हैं| बंगाल में निवेश के सवाल पर उन्होंने कहा कि जबतक तृणमूल तोलाबाजी टैक्स अर्थात टीटीटी नहीं खत्म होगा बंगाल में निवेश नहीं हो पाएगा।