संजय राउत को मिली बड़ी जिम्मेदारी, शिवसेना के मुख्य प्रवक्ता नियुक्त
Chief Spokesperson of Shiv Sena शिवसेना ने राज्यसभा सदस्य संजय राउत को पार्टी के मुख्य प्रवक्ता के पद पर नियुक्त किया है।
मुंबई, एएनआइ। राज्यसभा सदस्य संजय राउत को शिवसेना ने पार्टी का मुख्य प्रवक्ता नियुक्त किया है। संजय राउत बीते कुछ दिनों से अभिनेत्री कंगना रनोट के साथ विवादित बयानों की जुबानी जंग को लेकर सुर्खियों में छाये हुए हैं। शिवसेना ने मंगलवार को एक बयान जारी कर राउत को पार्टी का अहम पद सौंपा है।
शिवसेना के मुखपत्र 'सामना’ के कार्यकारी संपादक राउत को लेकर शिवसेना ने मंगलवार को एक बयान जारी कर राउत को पार्टी का मुख्य प्रवक्ता नियुक्त किया है। शिवसेना द़ारा जारी बयान में महाराष्ट्र के मंत्री उदय सामंत, अनिल परब, गुलाबराव पाटिल, विधायक सुनील प्रभु और प्रताप सरनाईक, लोकसभा सदस्य अरविंद सावंत और धैर्यशील माने, राज्यसभा सदस्य प्रियंका चतुर्वेदी, मुंबई के मेयर किशोरी पेडनेकर और वरिष्ठ नेता नीलम गोरहे को पार्टी का प्रवक्ता बनाया गया है।
गौरतलब है कि अभिनेत्री कंगना रनोट और शिवसेना सांसद संजय राउत के बीच पिछले कुछ दिनों से विवादित बयानों को लेकर जुबानी जंग जारी है। अभिनेत्री कंगना ने बीते कुछ दिन पहले कहा था कि उन्हें बॉलीवुड माफिया से ज्यादा मुंबई पुलिस से डर लगता है। इस पर संजय राउत ने बयान दिया था कि यदि उन्हें मुंबई में डर लगता है तो उन्हें वापस यहां नहीं आना चाहिए। जिस पर अभिनेत्री कंगना ने पलटवार करते हुए कहा था कि मुंबई पीओके है क्या।
इसके बाद संजय राउत ने कंगना के बयान की आलोचना करते हुए शिवसेना के मुखपत्र सामना में लिखा था कि अभिनेत्री मुंबई में रहती हैं, इसके बावजूद मुंबई पुलिस की आलोचना करना विश्वासघात और बेहद शर्मनाक है। शिवसेना नेता राउत ने लिखा था, 'हम कंगना से विनम्र निवेदन करते हैं कि वे मुंबई न आएं। यह मुंबई पुलिस के अपमान के अलावा और कुछ नहीं है। गृह मंत्रालय को इस पर कार्रवाई करनी चाहिए।'
महाराष्ट्र विधानसभा के बाहर राज्य सरकार के खिलाफ भाजपा का विरोध प्रदर्शन
एंबुलेंस न मिलने पर फूटा MNS कार्यकर्ता का गुस्सा, अधिकारी की गाड़ी पर की तोड़फोड़