Rajasthan: गहलोत ने गांधी के जीवन पर आधारित वेब पोर्टल लांच किया
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गांधी जी के जीवन पर पर आधारित वेब पोर्टल लांच किया। इस पोर्टल पर गांधी जी के जीवन की दुर्लभ तस्वीरें भाषण और रचनात्मक कार्यक्रमों का समावेश किया गया है।
जयपुर, जागरण संवाददाता। राजस्थान सरकार की ओर से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के 150वें जन्मदिन पर मनाए जा रहे गांधी सप्ताह के तहत गुरूवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गांधी जी के जीवन पर पर आधारित वेब पोर्टल लांच किया। इस पोर्टल पर गांधी जी के जीवन की दुर्लभ तस्वीरें भाषण और रचनात्मक कार्यक्रमों का समावेश किया गया है। इसके अलावा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के मौके पर पुलिस महानिदेशालय ने राजस्थान पुलिस अकादमी परिसर में "नो प्लास्टिक पॉलिसी " लागू करने का निर्णय लिया गया है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कम दामों पर गांधी साहित्य उपलब्ध कराने और खादी के कपड़ों पर 35 प्रतिशत की छूट देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने देश के वर्तमान हालात की चर्चा करते हुए कहा कि हम बदले की भावना के बजाय सबको साथ लेकर काम करना चाहते है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि गांधी जी के विचार केवल जुबान पर नहीं बल्कि दिल से अपनाए जाने चाहिए।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि अशांति एवं अविश्वास के दौर में गांधी जी के सिद्धांतों में ही देश की सभी समस्याओं का समाधान छिपा हुआ है। भाजपा पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ने कहा कि आज महात्मा गांधी का वो लोग नाम लेते हैं, जो पहले महात्मा गांधी के खिलाफ थे। महात्मा गांधी जी और सरदार बल्लभ भाई पटेल को नहीं मानते थे, आज वे भी महात्मा गांधी की बात हमसे ज्यादा करते हैं।
राजस्थान पुलिस अकादमी परिसर में "नो प्लास्टिक पॉलिसी "
जयपुर स्थित राजस्थान पुलिस अकादमी परिसर में स्वच्छ भारत मिशन की सहभागिता निभाने का निर्णय लिया गया है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के मौके पर पुलिस महानिदेशालय ने राजस्थान पुलिस अकादमी परिसर में "नो प्लास्टिक पॉलिसी " लागू करने का निर्णय लिया गया है।
अकादमी के अतिरिक्त महानिदेशक हेमंत प्रियदर्शी ने बताया कि सभी पुलिसकर्मी और प्रशिक्षक इस पॉलिसी को लागू करने में सहभागिता अदा करेंगे। यहां प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह से बंद रहेगा। उन्होंने बताया कि राजस्थान पुलिस अकादमी उत्तर भारत की सबसे सर्वक्षेष्ठ अकादमी है।