Rajasthan: किसानों और व्यापारियों के बीच सक्रिय होंगे भाजपा के कार्यकर्ता
Rajasthan BJP राजस्थान भाजपा में हाल ही में नई प्रदेश कार्यकारिणी बनी है। पार्टी ने सभी संगठनात्मक जिलों के लिए जिला प्रभारी भी घोषित किए हैं।
राज्य ब्यूरो, जयपुर। Rajasthan BJP: राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपने कार्यकर्ताओं को किसानों और व्यापारियों के बीच सक्रिय करेगी। केंद्र सरकार की किसान उत्पादक संघ गठित करने और आत्मनिर्भर भारत योजना के तहत व्यापारियों को आसान ऋण उपलब्ध कराने की योजना को सही ढंग से लागू करने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जाएगा। राजस्थान भाजपा में हाल ही में नई प्रदेश कार्यकारिणी बनी है। पार्टी ने सभी संगठनात्मक जिलों के लिए जिला प्रभारी भी घोषित किए हैं। इनकी पहली बैठकों में संगठनात्मक विषयों के साथ ही सबसे ज्यादा जोर किसान उत्पादक संघ योजना और व्यापारियों के लिए आसान ऋण योजना को प्रभावी ढंग से लागू कराए जाने पर रहा। प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में खुद राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इन योजनाओं पर काम करने के निर्देश दिए, वहीं जिला प्रभारियों की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने भी किसान उत्पादक संघ योजना को पार्टी के लिए महत्वपूर्ण योजना बताया।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, इन दोनों ही योजनाओं पर फोकस करने के लिए विशेष तौर पर काम किया जा रहा है। पार्टी के किसान मोर्चा और व्यापार प्रकोष्ठ की नई टीम की घोषणा अभी की जानी है, लेकिन इन दोनों अग्रिम संगठनों के अलावा पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को इन योजनाओं पर काम करने के लिए कहा जा रहा है। दरसअल, राजस्थान में किसानों के बीच पार्टी की पैठ कमजोर है। किसान उत्पादक संघ चूंकि किसानों के बीच ही बनेंगे और गांव-गांव में इनकी पहुंच होगी। ऐसे में पार्टी ज्यादा से ज्यादा संघों में अपने कार्यकर्ता और विचारधारा वाले लोगों को सक्रिय करने पर फोकस कर रही है। वहीं, प्रदेश में कोविड19 के चलते व्यापारी और छोटे दुकानदार भी काफी परेशान हैं। बैंक आसानी से किसी को ऋण देते नहीं हैं, ऐसे में पार्टी कार्यकर्ताओं को ऋण दिलाने में सहयोग करने को कहा जाएगा। प्रदेश में कोरोना वायरस का प्रकोप बढ़ता जा रहा है।