Gujarat: हाथरस व जामनगर की घटना के विरोध में गुजरात में कांग्रेस का प्रदर्शन, कई कार्यकर्ता हिरासत में
Protest In Gujarat हाथरस व गुजरात के जामनगर की घटनाओं के विरोध में कांग्रेस ने सोमवार को गुजरात के कई शहरों में विरोध-प्रदर्शन किया। अहमदाबाद राजकोट वडोदरा सूरत जामनगर मोरबी आदि शहरों में कांग्रेस के दर्जनों कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया।
अहमदाबाद, जागरण संवाददाता। Protest In Gujarat: उत्तर प्रदेश के हाथरस व गुजरात के जामनगर की घटनाओं के विरोध में कांग्रेस ने सोमवार को गुजरात के कई शहरों में विरोध-प्रदर्शन किया। अहमदाबाद, राजकोट, वडोदरा, सूरत, जामनगर, मोरबी आदि शहरों में कांग्रेस के दर्जनों कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। कांग्रेस नेता व कार्यकर्ताओं में राहुल गांधी के साथ उप्र पुलिस के दुव्यर्वहार को लेकर भी नाराजगी थी। उत्तर प्रदेश के हाथरस की घटना तथा जामनगर में नशीली दवा खिलाकर युवती के साथ दुष्कर्म करने की घटना के विरोध में गुजरात कांग्रेस ने सोमवार को गुजरात के सभी शहरों में विरोध-प्रदर्शन का कार्यक्रम रखा था। कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावडा तथा नेता विपक्ष परेश धनाणी के मुताबिक, भाजपा के शासन में बेटियां असुरक्षित हैं।
उप्र के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी मनमाने तरीके से शासन चला रहे हैं। हाथरस व जामनगर की घटना के विरोध में गुजरात कांग्रेस ने अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा, राजकोट, जामनगर, भावनगर, मोरबी, मेहसाणा सहित कई शहरों में विरोध-प्रदर्शन किया था। गौरतलब है कि महिलाओं के साथ हो रहे अपराध को लेकर अहमदाबाद, सूरत, वडोडरा, राजकोट, जामनगर, मोरबी, मेहसाणा सहित दर्जनों शहरों में लोगों ने अपना विरोध जताया व सड़कों पर उतरे। कांग्रेस ने उप्र में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ हुई पुलिस की बदसलूकी को लेकर भी गहरी नाराजगी थी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि उप्र सीएम मनमाने तरीके से राज्य का शासन चला रहे हैं।
कांग्रेस नेताओं राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा द्वारा हाथरस की पीड़िता के परिवार से मिलने के एक दिन बाद पार्टी ने इस घटना के विरोध में देशभर में सत्याग्रह करने का एलान किया है। इसके तहत पीड़िता को न्याय की मांग करते हुए सोमवार को जिला मुख्यालयों में धरना दिया गया। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने एक बयान जारी कर कहा था कि हाथरस में अनुसूचित जाति की लड़की की हत्या ने देश की आत्मा को झकझोर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश प्रशासन उसकी शिकायतों पर संज्ञान लेने और तत्काल चिकित्सा उपलब्ध कराने में नाकाम रहा। उन्होंने कहा कि 19 साल की लड़की को उसके जीवन में और मौत के बाद भी न्याय और सम्मान नहीं मिला। उसके परिवार की सहमति के बगैर उसके शव का रात में अंतिम संस्कार कर दिया गया। उत्तर प्रदेश सरकार की अमानवीयता और मनमानी से हर कोई सदमे में है। वेणुगोपाल ने राहुल और प्रियंका को हाथरस जाते समय उत्तर प्रदेश की सीमा पर रोके जाने के लिए भी राज्य सरकार की आलोचना की थी।