मातोश्री के बाहर लगा पोस्टर, 'सीएम महाराष्ट्र केवल आदित्य ठाकरे'
Young soch wins महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में वर्ली क्षेत्र से शिवसेना के युवा नेता आदित्य ठाकरे की जीत पर प्रभावदेवी पर यंग सोच विंस के पोस्टर लगाये गये।
मुंबई, एएनआइ। महाराष्ट्र में विधान सभा चुनाव के नतीजे आने के बाद वर्ली विधानसभा सीट से शिवसेना के युवा नेता आदित्य ठाकरे की जीत के बाद से लगातार आदित्य ठाकरे के पोस्टर लगने को लेकर खबरें आ रही हैं। ताजा जानकारी के अनुसार मातोश्री के बाहर पोस्टर लगाये गये हैं जिस पर लिखा है 'सीएम महाराष्ट्र केवल आदित्य ठाकरे'।
शिवसेना के युवा नेता आदित्य ठाकरे की विधानसभा चुनाव में जीत के बाद शिवसेना ने प्रभादेवी बिल्डिंग में यंग सोच विंस के पोस्टर लगाये हैं। ज्ञात हो कि आदित्य ठाकरे ने वर्ली विधानसभा क्षेत्र से 67,427 वोटों के अंतर से जीत हासिल की है। 29 वर्षीय आदित्य ठाकरे ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के सुरेश माने को 67,427 से अधिक मतों के अंतर से हराकर मुंबई के वर्ली विधानसभा क्षेत्र से जीत हासिल की। शिवसेना के इतिहास में चुनाव लडऩे वाले वह परिवार के पहले सदस्य हैं।
गौरतलब है कि शुक्रवार को आदित्य ठाकरे को भावी मुख्यमंत्री के रूप में बताने वाला पोस्टर वर्ली में लगे हुए थे। वीरवार को होने वाली मतगणना के बाद ही उद्धव ठाकरे ने मीडिया को संबोधित करते हुए सवाल उठाया था कि क्या इस बार भाजपा या शिवसेना को राज्य में मुख्यमंत्री की सीट मिलेगी।
शिव सेना प्रमुख ने कहा था कि अहम सवाल यह है कि मुख्यमंत्री कौन होगा? जब लोकसभा चुनाव हुए थे, हमने राज्य में 50-50 फार्मूले पर फैसला किया था। महाराष्ट्र भाजपा प्रमुख चंद्रकांत पाटिल ने इस बार कुछ मुद्दे उठाए, जिन्हें हमने समझा। आखिर हमें भी अपनी पार्टी चलानी है। अगर अमित शाह जी की जरूरत पड़ी, तो यहां यह तय करने के लिए उन्हें आना चाहिए।
महाराष्ट्र के वर्ली में लगे पोस्टर, भावी मुख्यमंत्री आदित्य ठाकरे