24 को बाबूलाल के नाम पर मुहर लगना तय, बीजेपी विधायक दल के चुने जाएंगे नेता
भाजपा के पर्यवेक्षक राष्ट्रीय महामंत्री मुरलीधर राव की उपस्थिति में होने वाली बैठक में बाबूलाल मरांडी समेत भाजपा के सभी 26 विधायक शामिल होंगे। बैठक दोपहर 12 बजे शुरू होगी।
रांची, राज्य ब्यूरो। भाजपा विधायक दल की 24 फरवरी को होने वाली बैठक में विधायक दल के नेता के रूप में बाबूलाल मरांडी के नाम पर मुहर लगना तकरीबन तय है। विधायक दल के नेता के चयन के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राष्ट्रीय महामंत्री पी मुरलीधर राव को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। राव के 23 फरवरी को रांची पहुंचने की बात कही जा रही है।
मुरलीधर राव की उपस्थिति में होने वाली बैठक में बाबूलाल मरांडी समेत भाजपा के सभी 26 (मरांडी के जुडऩे के बाद भाजपा विधायकों की संख्या 25 से बढ़कर 26 हो गई है) विधायक शामिल होंगे। बैठक दोपहर 12 बजे शुरू होगी। चूंकि भाजपा विधायक दल का नेता ही नेता प्रतिपक्ष होगा इसलिए इस अहम पद के लिए सभी विधायकों की राय ली जाएगी। भाजपा विधायक दल के नेेता के चयन के बाद प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए मनोनयन की प्रक्रिया शुरू होगी। बता दें कि भाजपा प्रदेश कार्यसमिति का कार्यकाल अगस्त में ही समाप्त हो चुका है।
भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा ने किया बाबूलाल का स्वागत
भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के द्वारा राज्य के प्रथम मुख्यमंत्री माननीय बाबूलाल मरांडी जी के मोरहाबादी स्थित आवास में पारंपरिक तरीके से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्री रामकुमार पाहन जी के नेतृत्व में मोर्चा के कार्यकर्ता द्वारा सैकड़ो की संख्या में आवास पहुँचकर आदिवासियों की पारंपरिक पगड़ी एवम गमछा देकर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
इस मौके पर मोर्चा अध्यक्ष रामकुमार पाहन ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी जी के आने से कार्यकर्ताओं में हर्षोल्लास है। बाबूलाल जी के लंबे संगठनात्मक अनुभव का लाभ पार्टी को प्राप्त होगा। अभिनंदन करने वालों में अशोक बड़ाईक, गंगोत्री कुजूर, अशेष बारला, बिंदेश्वर उरांव, सुनील फकीरा कच्छप, अनु लकड़ा, रीता मुंडा, अवधेश सिंह चेरो, रुप लक्ष्मी मुंडा, रवि मुंडा, जगरनाथ भगत, अनिल उरांव, शांति टोप्पो, प्रेम बड़ाईक, बासुदेव टोप्पो, गुड्डू टोप्पो, मनोज बेसरा, अजित भगत, अजय कच्छप सहित कई शामिल हुए।