Politics : अयोध्या में विवादित ढांचा ढहाया गया तभी उसके नीचे से मंदिर का मिला सबूत : दिलीप घोष
West Bengal Politics अयोध्या में विवादित ढांचा ढहाए जाने जाने के मामले में सीबीआइ अदालत द्वारा सभी आरोपितों को बरी किए जाने के फैसले का प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व सांसद दिलीप घोष ने बुधवार को स्वागत किया। कहा कि ढांचा के नीचे से तथ्य मंदिर के पक्ष में मिले।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : अयोध्या में विवादित ढांचा ढहाए जाने जाने के मामले में सीबीआइ अदालत द्वारा सभी आरोपितों को बरी किए जाने के फैसले का प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व सांसद दिलीप घोष ने बुधवार को स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इस मामले का कोई औचित्य नहीं था और अदालत के फैसले से साफ हो गया कि यह साजिश व राजनीतिक प्रतिहिंसा के तहत हिंदू पक्ष के लोगों पर झूठे आरोप लगाया गया था।
ढ़ांचा गिराने पर सभी तथ्य मंदिर के पक्ष में ही मिले
घोष ने साथ ही कहा कि विवादित ढांचा गिराया गया तभी उसके नीचे से मंदिर का सबूत मिला। ऐसा नहीं होने से प्रमाण नहीं मिलता। उन्होंने कहा कि ढांचा के नीचे से सभी तथ्य मंदिर के पक्ष में ही मिला।
हम जैसा आशा करते थे वैसा ही अदालत का फैसला
इलाहाबाद हाई कोर्ट एवं सुप्रीम कोर्ट ने भी इसी के आधार पर मंदिर के पक्ष में फैसला दिया और कहा कि वहां मंदिर था। घोष ने कहा कि हम जैसा आशा करते थे वैसा ही राम मंदिर एवं अब विवादित ढांचा ढहाए जाने के मामले में अदालत का फैसला आया है।
सैकड़ों वर्षों तक हिंदू समाज के संघर्ष को मिला फल
उन्होंने यह भी कहा कि जो देश चाहता था वही फैसला हुआ। सैकड़ों वर्षों तक हिंदू समाज ने जो लड़ाई लड़ी उसका फल मिला और मंदिर के पक्ष में फैसला आने के बाद वहां निर्माण कार्य भी शुरू हो चुका है।