RSS पर आपत्तिजनक स्लोगन पोस्ट करने का आरोपित गिरफ्तार Gorakhpur News
RSS पर आपत्तिजनक स्लोगन पोस्ट करने के आरोपित व मुंडेरा बाजार निवासी अरमान उर्फ शहजादे को चौरीचौरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
गोरखपुर, जेएनएन। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर आपत्तिजनक स्लोगन पोस्ट करने के आरोपित व मुंडेरा बाजार निवासी अरमान उर्फ शहजादे को चौरीचौरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
विहिप नेता ने दी थी तहरीर
विश्व हिंदू परिषद के पूर्व नगर अध्यक्ष अमित वर्मा ने चौरीचौरा थाने के प्रभारी निरीक्षक को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि मुंडेरा बाजार के एक युवक ने सोशल मीडिया के वाट्सएप ग्रुप आरएसएस के खिलाफ आपत्तिजनक स्लोगन पोस्ट किया है। धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणी की है।
जेल भेजा गया आरोपित
इस तहरीर पर पुलिस ने आरोपित अरमान उर्फ शहजादे के खिलाफ आइटी एक्ट में केस दर्ज किया और सोमवार को उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने आरोपित को जेल भेज दिया।
गोरखपुर में गणमान्य व्यक्तियों से मिले संघ प्रमुख
उधर, संघ प्रमुख मोहन भागवत अपने गोरखपुर प्रवास के दौरान शहर के गणमान्य लोगों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होने जाति व वर्ग विभेद को समाज के लिए अभिशाप बताया। कहा कि इस विभेद के चलते ही दलितों की लंबे समय तक उपेक्षा हुई है। विभेद का कोई यथोचित तर्क नहीं है, इसे तत्काल समाप्त किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज के विकास में सभी वर्ग के लोगों को अपना स्थान सुनिश्चित करना चाहिए। आमदनी का एक हिस्सा समाज पर खर्च करना चाहिए। संघ प्रमुख से मिलने वालों में साहित्य अकादमी के पूर्व अध्यक्ष प्रो. विश्वनाथ तिवारी, गोरखपुर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. वीके सिंह, मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एसएन सिंह, महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के अध्यक्ष प्रो. यूपी सिंह, उद्योगपति चंद्रप्रकाश अग्रवाल, अमर तुलस्यान, डॉ. महेंद्र अग्रवाल, डॉ. अमित सिंह, डॉ. जेपी जायसवाल, डॉ. वीरेंद्र गुप्ता आदि शामिल रहे।
छोटे-छोटे कार्यक्रमों से संस्कार देता है संघ
उधर, उत्तर प्रदेश पूर्वी क्षेत्र के चार दिवसीय कार्यकर्ता बैठक के आखिरी दिन सर संघचालक मोहन भागवत ने कार्यकर्ताओं को संघ के कार्य विस्तार की जानकारी दी। कहा कि किसी भी कार्य के विस्तार को लेकर जितना जरूरी चिंतन, मनन, निर्णय व योजना है, उतना ही जरूरी उसे परिश्रम के साथ पूरा करना भी है। छोटे-छोटे कार्यक्रमों के माध्यम से संघ संस्कार देता है। इस संस्कार के साथ जो कार्यकर्ता बुद्धि, धैर्य, परिश्रम, साहस, त्याग, तपस्या और निष्ठा से निर्माण की दिशा में आगे बढ़ता है, वही श्रेष्ठ बनता है।
सीएम योगी आदित्यनाथ से भी मिले संघ प्रमुख
रविवार की देर शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सर संघचालक मोहन भागवत से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने संघ प्रमुख को कुंभ से संबंधित पुस्तक और सीएए से जुड़ी बुकलेट भेंट की। साथ ही अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया। माना जा रहा है कि संघ प्रमुख और मुख्यमंत्री के बीच सीएए को लेकर देश भर में चल रही गतिविधि और संघ की ओर से चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं पर चर्चा हुई।
संविधान ने नागरिकों को दिया राजा का अधिकार : भागवत
इससे पहले रविवार को गणतंत्र दिवस पर सरस्वती शिशु मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सुभाष नगर में झंडारोहण संघ प्रमुख ने कहा कि भारतीय संविधान ने देश के हर नागरिक को राजा का अधिकार दिया है तो कर्तव्य भी निर्धारित किए हैं। अनुशासन के साथ दोनों का अनुपालन करने से ही क्रांतिकारियों के सपनों का भारत बन सकेगा।