गाजियाबाद: पार्षद पति के साथ हाथापाई के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
पार्षद पति के साथ हुई हाथापाई के मामले में रविवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने जीडीए अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन किया।
गाजियाबाद, जेएनएन। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की कार्रवाई के दौरान शनिवार को ज्ञान खंड - तीन में पार्षद पति के साथ हुई धक्का - मुक्की व हाथापाई के विरोध में रविवार को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। ज्ञान खंड - तीन स्थित जीडीए की जमीन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने करीब दो घंटे तक प्रदर्शन किया। मौके पर स्थानीय विधायक सुनील शर्मा, क्षेत्र के कई पार्षद व भाजपा नेता जुटे रहे।
अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह व पुलिस अधीक्षक नगर श्लोक कुमार के आश्वासन के बाद भाजपाई शांत हुए। पार्षद पति ने मामले में दो नामजद व अन्य अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी। बुधवार तक उचित कार्रवाई नहीं होने पर दोबारा से बड़ा आंदोलन करने का एलान किया। इस दौरान शुक्र बाजार इंदिरापुरम से साईं मंदिर की ओर जाने वाले रास्ते की पटरी पर करीब दो घंटे आवागमन बाधित रहा।
बता दें कि शनिवार को ज्ञान खंड - तीन स्थित जीडीए की अर्जित जमीन पर कार्रवाई हुई। जीडीए की टीम ने जमीन अवैध रूप से बने एक धार्मिक स्थल के गेट को ढहा दिया। इसका धार्मिक स्थल से जुड़े व स्थानीय लोगों ने भारी विरोध किया। जीडीए की टीम को आधे में ही कार्रवाई बंद करके जाना पड़ा। इस दौरान पहुंचे पार्षद पति के साथ स्थानीय निवासियों व जीडीए अधिकारी द्वारा धक्का - मुक्की व हाथापाई करने का आरोप लगा। इसका वीडियो भी वायरल हुआ। इसके विरोध में रविवार को प्रदर्शन हुआ।