गठबंधन को लेकर संजय सिंह शरद पवार से मिले, अब नतीजे का इंतजार
मंगलवार एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए दिल्ली प्रदेश संयोजक एवं कैबिनेट मंत्री गोपाल राय ने कहा कि कांग्रेस के लिए देश सर्वोपरि नहीं है अपनी पार्टी सर्वोपरि है।
नई दिल्ली, जेएनएन। एक तरफ जहां आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता देरी हो जाने की बात कह कर कांग्रेस से गठबंधन की बात से इन्कार कर रहे हैं वहीं इसकेही कुछ नेता अब भी प्रयास में लगे हुए हैं। इसी कड़ी में आप से राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने मंगलवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री व कद्दावर नेता शरद पवार से मुलाकात की। बताया जा रहा है कि संजय सिंह ने पवार से गठबंधन के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से बात करने का अनु्रोध किया है। हालांकि इस बारे में सिंह ने कोई जवाब नहीं दिया और न ही आप का कोई नेता जवाब देने को तैयार है। संजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी कभी कुछ बोलती है और कभी कुछ। ऐसे में हमने अपने सातों प्रत्याशी उतार दिए हैं और हम पूरे दमखम के साथ चुनाव लड़ेंगे और जीतेंगे।
उन्होंने कहा कि आज देश में हालात ठीक नहीं हैं। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह कहते हैं कि यह चुनाव जिता दो, 50 साल तक देश में चुनाव नहीं होंगे। वहीं भाजपा के एक अन्य सांसद साक्षी महाराज कहते हैं 2019 का चुनाव मोदी को जिता दो। इसके बाद कोई चुनाव नहीं होगा। आखिर देश में यह सब हो क्या रहा है। इन भाजपा वालों को जनता के वोट की ताकत का भी अहसास नहीं है। संजय सिंह ने कहा कि इन्हीं सब बातों को ध्यान में रखते हुए हमारा प्रसास था कि सभी विपक्षी दल एक होकर चुनाव लड़ें और भाजपा को हराएं। मगर कांग्रेस की स्थिति साफ नहीं है।