प्रियंका के पोस्टर हटाने पर पति के करीबी का मोदी सरकार पर हमला, बताया 'Dirty Politics'
दिल्ली में कांग्रेस दफ्तर के बाहर और लुटियन जोन इलाके में जगह-जगह प्रियंका गांधी के पोस्टर लगाए गए थे। इन पोस्टर्स में प्रियंका के साथ राहुल गांधी और पति रॉबर्ट वाड्रा भी नजर आ रहे थे।
नई दिल्ली, जेएनएन। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की बेटी और हाल ही में पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी बनाई गई प्रियंका गांधी के एक पोस्टर दिल्ली में हटाए जाने को लेकर राजनीति गरमा गई है। प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा के करीबी और कांग्रेस नेता जगदीश शर्मा ने मोदी सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआइ से बातचीत में जगदीश शर्मा ने केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा है- 'मोदी सरकार गंदी राजनीति (dirty politics) कर रही है।' जगदीश शर्मा ने बताया कि मंगलवार को दिल्ली में प्रियंका गांधी के पोस्टर लगाए गए थे और फिर हटा दिए गए हैं।
यहां पर बता दें कि दिल्ली में कांग्रेस दफ्तर के बाहर और लुटियन जोन इलाके में जगह-जगह प्रियंका गांधी के पोस्टर लगाए गए थे। इन पोस्टर्स में प्रियंका के साथ राहुल गांधी और पति रॉबर्ट वाड्रा भी नजर आ रहे थे। पोस्टर में अलग अंदाज में नारे भी लिखे गए थे, जिसमें यह बताने की कोशिश की गई है कि कांग्रेस कट्टर सोच पर नहीं, बल्कि युवा जोश पर यकीन करती है।
वहीं, पोस्टर हटाने पर कांग्रेस नेता जगदीश शर्मा ने कहा कि इन पोस्टरों को दिल्ली नगर पालिका परिषद (NDMC) ने हटवाया है। जगदीश के मुताबिक, मंगलवार रातभर मेहनत करके उन्होंने ये पोस्टर लगाए लेकिन केंद्र में सत्तासीन भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार के दबाव में आकर NDMC ने ये पोस्टर हटवा दिए हैं।
इन पोस्टर में लिखा है कि 'कट्टर सोच नहीं युवा जोश' और 'जन-जन की यही पुकार राहुल-प्रियंका अबकी बार.' वहीं, कांग्रेस पार्टी का काम संभालने से पहले प्रियंका गांधी ने नेताओं वाले तेवर दिखाए और अकबर रोड पर झुग्गी में जाकर दिव्यांगों से मुलाकात की थी।