Move to Jagran APP

मौसम ने भी दिया था साथ, फिर भी 60.21 फीसद ही धड़का दिल्ली का दिल

दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. रणबीर सिंह के मुताबिक मतदाताओं की सुविधा के लिए करीब 27 सौ लोकेशन पर 13819 मतदान केंद्र बनाए गए थे।

By JP YadavEdited By: Published: Sun, 12 May 2019 04:32 AM (IST)Updated: Mon, 13 May 2019 07:59 AM (IST)
मौसम ने भी दिया था साथ, फिर भी 60.21 फीसद ही धड़का दिल्ली का दिल
मौसम ने भी दिया था साथ, फिर भी 60.21 फीसद ही धड़का दिल्ली का दिल

नई दिल्ली, जेएनएन। Lok Sabha Election 2019: लोकसभा चुनाव के छठे चरण में रविवार को दिल्ली की सभी सात सीटों (नई दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, उत्तर पूर्वी दिल्ली, उत्तर पश्चिमी दिल्ली और चांदनी चौक) समेत सात राज्यों की 59 लोकसभा सीटों के लिए 63.48 फीसद मतदान हुआ। दिल्ली में 60.21 फीसद वोटिंग हुई, हालांकि पिछली बार यहां 65 फीसद मतदान हुआ था।

loksabha election banner

छठे चरण के मतदान के साथ ही लोकसभा की 543 सीटों में से 483 सीटों के लिए मतदान खत्म हो गया है। आखिरी चरण में 19 मई को 59 सीटों पर मतदान होगा, तमिलनाडु में एक सीट पर चुनाव स्थगित कर दिया गया है। 23 मई को मतगणना होगी।

दिल्ली में मतदान की धीमी शुरुआत
सुबह गर्मी कम होने के बावजूद राजधानी दिल्ली में मतदान की शुरुआत काफी धीमी हुई, लेकिन दिन बीतने के साथ लोग घरों से निकले और मतदान फीसद बढ़ता गया। इसी के साथ 164 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई। ज्यादातर जगहों पर मतदान शांतिपूर्ण रहा। कुछ जगहों से ईवीएम में खराबी की शिकायतें आईं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डा. रणबीर सिंह ने बताया कि कुछ जगहों से ईवीएम में छोटी-मोटी खामी की शिकायतें आई थीं, जिन्हें दूर कर दिया गया। उन्होंने दक्षिणी दिल्ली से आप प्रत्याशी राघव चड्ढा के फर्जी मतदान के आरोप और चांदनी चौक-सिविल लाइन में इंक हटाने की शिकायत को गलत ठहराया। कठपुतली कॉलोनी में मतदाताओं के वोट कटने के मामले पर कहा कि ऐसी कोई शिकायत नहीं मिली है।


राष्ट्रपति समेत कई नामचीन ने डाले वोट
छठे चरण में कई नामचीन हस्तियों ने भी मतदान किया। दिल्ली में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, सोनिया गांधी समेत कई अन्य गणमान्य लोगों ने वोट डाले। कुछ जगहों पर ईवीएम में खराबी की शिकायतें भी आईं। मॉक पोल के बाद 5.5 फीसद ईवीएम बदले गए। दिल्ली के सबसे वरिष्ठ मतदाता 111 वर्षीय बचन सिंह ने पश्चिम दिल्ली के तिलक नगर में वोट डाला।
बुजुर्गों व विकलांगों के लिए थे विशेष इंतजाम
बुजुर्ग व विकलांग मतदाता भी लोकतंत्र के इस महापर्व में भागीदारी सुनिश्चित कर सकें, इसके लिए चुनाव आयोग ने दिल्ली के कई मतदान केंद्रों पर विशेष इंतजाम किए थे। बुजुर्गो व विकलांगों को मतदान केंद्रों पर पहुंचाने के लिए व्हीलचेयर की व्यवस्था की गई थी। इनके लिए आयोग ने अधिकारियों संग वालंटियर्स तैनात किए थे।

भारत निर्वाचन आयोग के आंकड़ों की मानें चांदनी चौक लोकसभा सीट पर करीब 18.04 फीसद, उत्तर पूर्व सीट पर 21.26, पूर्वी लोकसभा पर 20.56, नई दिल्ली सीट पर 18.39, उत्तर पश्चिम सीट पर 19.57, पश्चिम पर 19.73 और दक्षिणी दिल्ली लोकसभा सीट पर 18.14 फीसद मतदान हुआ। गौरतलब है कि सुबह नौ बजे तक करीब सात फीसद जबकि 11 बजे तक 12 फीसद मतदान हुआ था।

प्रमुख उम्मीदवारों की बात करें तो कांग्रेस से उत्तर-पूर्वी दिल्ली से भूतपूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित, पूर्वी दिल्ली से पूर्व मंत्री अरविंदर सिंह लवली, नई दिल्ली से पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय माकन और दक्षिण दिल्ली से बॉक्सर विजेंद्र सिंह शामिल हैं तो भाजपा की ओर से प्रमुख उम्मीदवारों में चांदनी चौक से केंद्रीय मंत्री हर्षवर्धन, पूर्वी दिल्ली से भूतपूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर, नई दिल्ली से मीनाक्षी लेखी शामिल हैं। वहीं आम आदमी पार्टी की ओर से अहम उम्मीदवारों में उत्तर पूर्वी दिल्ली से दिलीप पांडे और पूर्वी दिल्ली से आतिशी शामिल हैं।


23 अप्रैल को प्रकाशित मतदाता सूची के मुताबिक, दिल्ली में 1.43 करोड़ मतदाता हैं, जिनसे से 78,73,022 पुरुष और 64,42,762 महिलाएं एवं 669 तृतीय लिंगी (थर्ड जेंडर) शामिल हैं। दिल्ली में 18-19 साल के 2,54,723 मतदाता हैं। 40,532 दिव्यांग मतदाता हैं, जिन्हें घर से मतदान केंद्र लाने और फिर घर तक छोड़ने की सुविधा मिलेगी।  

असम एवं मिज़ोरम के महामहिम राज्यपाल प्रो जगदीश मुखी और लेडी गवर्नर श्रीमती प्रेम मुखी ने निगम प्राथमिक स्कूल C4E ब्लॉक जनकपुरी, दिल्ली में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। महामहिम राज्यपाल पैदल चल कर मतदान केंद्र तक पंहुचे।

 13,819 मतदान केंद्रों पर 89,968 कर्मियों की तैनाती

दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. रणबीर सिंह के मुताबिक, मतदाताओं की सुविधा के लिए करीब 27 सौ लोकेशन पर 13,819 मतदान केंद्र बनाए गए थे।  यहां 89 हजार 968 कर्मचारियों को तैनात किया गया था।  मतदान के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करते हुए मतदान केंद्रों को सीसीटीवी कैमरों से लैस कर इन पर केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी। 

मतदान केंद्रों पर होंगी 34,953 ईवीएम व 20,435 वीवीपैट मशीनें

दिल्ली की सातों लोकसभा सीटों के 13,819 मतदान केंद्रों पर ईवीएम मशीनों का इस्तेमाल किया गया। इलेक्ट्रॉनिक पद्धति से मतदान के लिए 34,953 बैलेट यूनिट, 19,002 कंट्रोल यूनिट और 20,435 वीवीपैट की सहायता ली गई। 

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.