दिल्ली में बढ़ते अपराध का मुद्दा राज्यसभा में उठा, AAP सांसद ने कहा बैठक बुलाए गृह मंत्रालय
AAP के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने दिल्ली में बढ़ते अपराध का मुद्दा राज्यसभा में उठाया। उन्होंने कहा कि क्राइम की वजह से राजधानी की छवि खराब हो रही है।
नई दिल्ली, प्रेट्र। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पिछले दिनों अपराध के मामलों में बढ़ोतरी का मुद्दा सोमवार को राज्यसभा में उठा। आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने दिल्ली व्यवस्था का मुद्दा उठाया। शून्य काल (Zero Hour) में अपनी बात रखते हुए संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली में बढ़ते अपराध को लेकर केंद्रीय गृह मंत्रालय को एक बैठक बुलानी चाहिए। बैठक में पुलिस पुलिस के बड़े अधिकारी और राज्य के मुख्यमंत्री को बुलाना भी चाहिए ताकि दिल्ली में बढ़ते अपराध को लेकर राज्य सरकार सुझाव दे सके।
राज्यसभा में संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली पुलिस केंद्र सरकार के अधीन है और दिनो-दिन बढ़ते अपराध की वजह से राजधानी की छवि खराब हो रही है। अपराध के आंकड़े गिनाते हुए संजय सिंह ने कहा कि पिछले एक महीने के अंदर दिल्ली में 220 राउंड फायर हुए हैं। 17 मई को 17 फायर, 19 मई को 24 फायर, 21 मई को 17 राउंड फायर और 26 मई को 12 फायर हुए हैं।
संजय सिंह ने गिनाए आंकड़े
इसी तरह उन्होंने जून महीने के भी अपराध गिनाते हुए कहा कि एक जून को 10 राउंड फायर और 7 जून को 14 फायर हुए हैं। संजय सिंह ने कहा कि साल भर में यहां पर 2043 दुष्कर्म हुई हैं और यहां पर हत्याएं बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस के 833 जवानों को संदेह के घेरे में रखा गया है। जिन पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इसके अलावा संजय सिंह ने दिल्ली के मुखर्जी नगर में ऑटो ड्राइवर से मारपीट का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि राजधानी में अपराधी बेलगाम हो गए हैं।
केजरीवाल ने साधा भाजपा पर निशाना
वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रदेश में बढ़ते अपराध के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि हम सबको मिलकर दिल्ली के अंदर कानून–व्यवस्था को सुधारना है। दिल्ली सरकार ने बहुत बड़े स्तर पर सीसीटीवी लगाने शुरू किए हैं। इससे अपराध के नियंत्रण में बहुत मदद मिलेगी। अगर कहीं कोई गड़बड़ करेगा तो उसकी जानकारी मिलेगी। इससे तुरंत कार्रवाई करने में मदद मिलेगी। इसमें सभी एजेंसियों, सरकारों और पब्लिक को मिलकर काम करना होगा। हम अपनी तरफ से केंद्र सरकार को पूरा सहयोग करेंगे। बिना किसी राजनीति के हम सबको मिलकर दिल्ली की कानून-व्यवस्था सुधारने के लिए काम करना है।
दिल्ली-NCR की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप