अगले साल फरवरी में हो सकते हैं दिल्ली विधानसभा के चुनाव, EC ने दिए संकेत
चुनाव आयोग ने जो संकेत दिये हैं उसके अनुसार दिल्ली में विधानसभा चुनाव अगले साल फरवरी में कराया जा सकता है।
नई दिल्ली [वी. के. शुक्ला]। दिल्ली विधानसभा चुनाव समय से पहले कराए जाने की अटकलों को विराम लग गया है। ऐसी संभावना है कि विधानसभा चुनाव फरवरी में ही हो सकते हैं। मतदान के लिए 7 फरवरी 2020 की तारीख प्रस्तावित की गई है। इसी के मद्देनजर चुनाव आयोग ने छह महीने का शेड्यूल बनाकर दिल्ली के सभी जिलाधिकारियों को भेजा है। 2015 में भी विधानसभा चुनाव फरवरी में ही हुए थे। उस समय 7 को मतदान और 10 फरवरी को मतगणना हुई थी।
दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की ओर से जारी शिड्यूल के अनुसार, मतदान से 150 दिन पहले 7 सितंबर को सभी जिलाधिकारियों से ईवीएम को लेकर चर्चा की जाएगी और उनको प्रशिक्षित किया जाएगा। मतदान से चार महीने पहले 10 अक्टूबर को ईवीएम की प्रथम स्तर की जांच होगी। चुनाव को लेकर जिलाधिकारियों की वेबसाइट अपडेट की जाएगी। मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन होगा। मतदान से तीन माह पहले 7 नवंबर को मतदान कर्मियों का निर्धारण होगा।
इसी तरह चुनाव कराने पर आने वाले खर्च के बजट का प्रस्ताव तैयार कर सरकार के पास भेजा जाएगा। ठीक दो माह पहले 7 दिसंबर को चुनाव में उपयोग होने वाले मैटेरियल के लिए टेंडर आदि किए जाएंगे। बैलेट पेपर की छपाई के लिए प्रिट्रिंग प्रेस निर्धारित की जाएंगी। स्ट्रांगरूम और मतगणना केंद्र का चयन किया जाएगा। कैंपस एंबेसडर की कार्यशाला होगी। मतदान से ठीक एक माह पहले ईवीएम जागरूकता कार्यक्रम होगा।