PM की मंशा पर योगी की पहल, देश का पहला राजनीतिक प्रशिक्षण केंद्र खुलेगा यूपी में
राजनीतिक प्रशिक्षण केंद्र में जनता से सामंजस्य स्थापित करने के गुर सिखाए जाएंगे।
गाजियाबाद (जेएनएन)। देश का पहला राजनीतिक प्रशिक्षण केंद्र गाजियाबाद में खोलने की तैयारी शुरू हो गई है। इसमें निर्वाचित जन प्रतिनिधियों को कामकाज से जुड़ा प्रशिक्षण देने के लिए रिफ्रेशर कोर्स संचालित किए जाएंगे। नगर विकास विभाग ने इसे बनाने के लिए नगर निगम से न्यूनतम दस हजार वर्ग मीटर जमीन मांगी है।
निगम ने राजनगर एक्सटेंशन के पास सिहानी गांव में 54 हजार वर्ग मीटर जमीन चिन्हित कर प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसकी पहल की है।
बताया जा रहा है कि देश की राजधानी दिल्ली के करीब होने के नाते नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने गाजियाबाद शहर को इस तरह का केंद्र खोलने के लिए उचित पाया।
निगम द्वारा चयनित भूमि पर भवन निर्माण के अलावा प्राकृतिक झील और स्मारक भी बनाई जाएगी। जन प्रतिनिधियों को देश, विदेश की राजनीतिक, आर्थिक और सांस्कृतिक विरासतों से रूबरू कराया जाएगा। जनता से सामंजस्य स्थापित करने के गुर सिखाए जाएंगे।