शीला की नजर में भाजपा की बी टीम है AAP, कहा- दिल्ली से होगी जुमलेबाज सरकार की विदाई
कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष शीला दीक्षित ने कार्यकर्ताओं से कहा कि आपका जोश व हौसला जल्द ही दिल्ली के लोगों को भाजपा व आप के निक्कमेपन से छुटकारा दिलाने वाला है।
नई दिल्ली, जेएनएन। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष (DPCC) अध्यक्ष शीला दीक्षित ने दिल्ली की सातों लोकसभा सीटों पर जीत का परचम लहराने के लिए कार्यकर्ताओं से पूरी लगन के साथ जुट जाने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि आपका जोश व हौसला जल्द ही दिल्ली के लोगों को भाजपा व आप के निकम्मेपन से छुटकारा दिलाने वाला है। कार्यकर्ता हमेशा से ही कांग्रेस की असली ताकत रहे हैं। ऐसे में हम सब मिलकर विघटनकारी व समाज विरोधी ताकतों को जड़मूल से समाप्त करने में सक्षम हैं। यह बातें उन्होंने रविवार को आदर्श नगर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से रानी बाग में आयोजित पार्टी कार्यकर्ता सम्मेलन में कहीं।
पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने 15 साल के अपने कार्यकाल को शानदार करार दिया और कहा कि इस दौरान दिल्ली की पहचान विश्व में बनी। साथ ही शिक्षा, चिकित्सा, बिजली आदि क्षेत्र में अभूतपूर्व काम हुआ। लेकिन, केजरीवाल सरकार के कार्यकाल में विकास की गति रुक गई है। इस मौके पर उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र की जुमलेबाज भाजपा सरकार की विदाई की शुरुआत दिल्ली से होगी।
भाजपा सरकार ने नोटबंदी, सीलिंग व जीएसटी से दिल्लीवासियों के जीवन को तहस- नहस करके रख दिया और रही सही कसर आम आदमी पार्टी की सरकार ने पूरी कर दी। उन्होंने कहा कि अन्ना के आंदोलन से पैदा हुई आम आदमी पार्टी भाजपा की बी टीम है। इस सरकार ने दिल्ली के लोगों का जीना दूभर कर दिया है।
इस अवसर पर कांग्रेस के दिल्ली प्रभारी पीसी चाका, तीनों कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष हारून युसूफ, देवेंद्र यादव, राजेश लिलोठिया, महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष शर्मिष्ठा मुखर्जी, पूर्व मंत्री मंगत राम ¨सघल आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किए। अतिथियों का स्वागत जिलाध्यक्ष हरिकिशन जिंदल ने किया।