UP: गाजियाबाद नगर निगम के वार्ड 58 में हुए उपचुनाव में कांग्रेस ने दी भाजपा को मात
उपचुनाव के परिणाम में कांग्रेस के प्रत्याशी विकास खारी ने भाजपा के पवन कुमार को 786 वोटों से हराया।
गाजियााबाद, जागरण संवाददाता। Bypoll election Result: उत्तर प्रदेश में सत्तासीन भारतीय जनता पार्टी (Bhartiya Janta Party) के लिए दिल्ली से सटे गाजियाबाद से बुरी खबर आ रही है। गाजियाबाद नगर निगम के वार्ड 58 में हुए उपचुनाव में कांग्रेस ने भाजपा को शिकस्त दी है।
यहां पर उपचुनाव के परिणाम में कांग्रेस के प्रत्याशी विकास खारी ने भाजपा के पवन कुमार को 786 वोटों से हराया। जहां कांग्रेस प्रत्याशी विकास को 2520 मत मिले, वहीं पवन को 1734 वोट हासिल हुए। उपचुनाव में कुल 4444 वोट पड़े थे।
बता दें कि दो दिन पहले 14 जनवरी को विजयनगर जोन के वॉर्ड-58 के पार्षद सीट पर मतदान हुआ था। यहां पर यह बताना जरूरीहै कि वार्ड-58 से पिछले पार्ष सुलतान सिंह खारी थे। पिछले साल उनकी मौत होने पर यह सीट खाली हुई थी।
चुनाव प्रक्रिया के तहत नामांकन पत्र जमा करने की प्रक्रिया 19-26 दिसंबर तक चली, जबकि 27 दिसंबर को नामांकन पत्रों की जांच हुई थी। वहीं, 30 दिसंबर को नामांकन वापसी की तारीख थी, जबकि चुनाव चिह्म का वितरण 31 दिसंबर को हुआ था।
बता दें कि सुलतान सिंह खारी कांग्रेस के पार्षद थे, ऐसे में यहां पर कांग्रेस ने सीट जीतकर अपना रुतबा बरकरार रखा है, जबकि भारतीय जनता पार्टी ने पूरी कोशिश की थी, वह यह सीट कांग्रेस से छीन ले।
बता दें कि यूपी में पिछले तकरीबन तीन साल से भारतीय जनता पार्टी सत्ता में हैं। भाजपा पिछले तीन सालों के दौरान हुए उपचुनाव जीतती रही हैं, ऐसे में भाजपा नेताओं-कार्यकर्ताओं को उम्मीद थी वे इस सीट को हासिल करने कामयाब हो जाएंगे। इसके लिए उन्होंने पूरा प्रयास भी किया, लेकिन कामयाबी नहीं मिली।
दिल्ली से सटे होने के चलते भी इस पार्षद सीट पर सभी की नजरें गड़ी हुई थीं, ऐसे यह सीट नहीं जीत पाना भाजपा नेताओं को थोड़ा खल रहा है।