Baroda By-Elections 2020: कांग्रेस प्रत्याशी इंदुराज के पक्ष में कपूर सिंह नरवाल वापस लेंगे अपना नाम !
Baroda By-Elections 2020 इस बीच यह भी खबर आ रही है कि निर्दलीय प्रत्याशी कपूर नरवाल द्वारा कांग्रेस प्रत्याशी इंदुराज नरवाल के पक्ष में उम्मीदवारी वापस लेने का एलान कभी भी हो सकता है। मीडिया को भी इस खबर का इंतजार है।
सोनीपत, ऑनलाइन डेस्क। हरियाणा में बरोदा विधानसभा सीट पर होने जा रहे उपचुनाव को लेकर बड़ी खबर आ रही है। बरोदा उपचुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी कपूर सिंह नरवाल कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में अपना नामांकन-पत्र वापस लेंगे। दरअसल, यहां पर कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशी दोनों के जाट प्रत्याशी होने से यहां पर मतों का बंटवारा होने के आसार थे। बताया जा रहा है कि यही वजह थी कि समुदाय की ओर से ही कपूर नरवाल पर उम्मीदवारी वापस लेने का दबाव था। इस बीच यह भी खबर आ रही है कि कपूर नरवाल द्वारा कांग्रेस प्रत्याशी इंदुराज नरवाल के पक्ष में उम्मीदवारी वापस लेने का एलान कभी भी हो सकता है।
मिली जानकारी के मुताबिक, महम के निर्दलीय विधायक बलराज कुंडू (Balraj Kundu, an independent MLA from Maham) ने कपूर नरवाल को पंचायती उम्मीदवार के रूप में पेश करते हुए बरोदा के रण में खड़ा कर दिया। अब भूपेंद्र हुड्डा उन्हें बैठाने के लिए प्रयास करते नजर आ रहे हैं, ताकि चुनावी रण में सीधा मुकाबला कांग्रेस और भाजपा के बीच हो सके।
बताया जा रहा है कि कपूर नरवाल का नामांकन वापस कराने के लिए बलराज कुंडू भी सक्रिय हैं। उन्होंने सोमवार को एक वीडियो जारी कर कपूर नरवाल से न केवल समर्थन वापस ले लिया, बल्कि उनका नामांकन वापस कराने में सहयोग करने की बात भी कही है। खुद भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी कपूर नरवाल को अपनी पार्टी के हक में बैठाने की पूरी कोशिश हैं। भूपेंद्र सिंह हुड्डा की पूरी कोशिश है कि कपूर नरवाल को कांग्रेस में शामिल कर लिया जाए। इसकी पटकथा तैयार की जा चुकी है, जिसमें बलराज कुंडू भी सहयोग कर रहे हैं।
बता दें कि बरोदा विधानसभा सीट पर आगामी 3 नवंबर को उपचुनाव होना है। विधायक कृष्ण हुड्डा का निधन होने से यहां पर उपचुनाव होना है। एक ओर जहां कांग्रेस इस सीट पर जीत हासिल कर यहां पर अपना दबदबा बरकार रखना चाहेगी, वहीं भाजपा यह सीट जीतना चाहेगी।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो