दिल्ली के रामलीला मैदान में आज मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे केजरीवाल, 6 MLA बनेंगे मंत्री
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल रविवार को रामलीला मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल रविवार को दोपहर करीब 12 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। वे लगातार तीसरी बार मुख्यमंत्री बनेंगे। केजरीवाल के साथ छह विधायक भी मंत्री पद की शपथ लेंगे। जानकारी के मुताबिक शपथ ग्रहण का कार्यक्रम दोपहर को तय किया गया है। उम्मीद जताई जा रही है कि 12 बजे के आस-पास शपथ ग्रहण शुरू होगा।
अरविंद केजरीवाल के अलावा मनीष सिसोदिया, सतेंद्र जैन, गोपाल राय, कैलाश गहलोत, इमरान हुसैन और राजेंद्र पाल गौतम भी मंत्री पद की शपथ लेंगे। इस बार भी केजरीवाल मंत्रीमंडल में किसी महिला को शामिल नहीं किया जा रहा है।
शपथ ग्रहण की तैयारियां लगभग पूरी
आम आदमी पार्टी ने दिल्ली के लोगों को राम लीला मैदान में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए सुबह करीब 10 बजे बुलाया है। शपथ ग्रहण लगभग सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। मैदान में कुर्सियां लगाने के साथ उसकी साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा गया है। साथ ही समारोह में आने वालों के लिए मोबाइल टॉयलेट और पीने के पानी के भी स्टॉल बनाए जा रहे हैं। वहीं सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के लिए पुलिस मैदान पर हर तरफ से नजर रखऩे की योजना बना रही है।
पीएम मोदी को भी किया गया है आमंत्रित
आम आदमी पार्टी के पार्टी के वरिष्ठ नेता गोपाल राय ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ आप ने दिल्ली से भाजपा के आठों विधायकों और सातों सांसदों, भाजपा और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्षों और तीनों पार्टियों के सभी निगम पार्षदों को भी इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि प्रधानमंत्री शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे या नहीं।
दरअसल, प्रधानमंत्री रविवार को 30 से अधिक परियोजनाओं के शुभारंभ के लिए अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी जाएंगे। अपने इस दौरे में वह करीब 1222 करोड़ रुपये की 52 परियोजनाओं का लोकार्पण और 446 करोड़ रुपये के 23 विकास कार्यो का शिलान्यास करेंगे। इसमें बीएचयू में वैदिक विज्ञान केंद्र और कैंसर अस्पताल के आवासीय भवन का लोकार्पण भी शामिल है।