केजरीवाल ने जारी किया रिपोर्ट कार्ड, कहा- हमने खूब काम किया, सभी एजेंसियों से है क्लीनचिट
सीएम केजरीवाल ने सरकार का रिपोर्ट कार्ड जारी करते हुए कहा कि हमने सबसे अधिक कार्य शिक्षा पर किया है। 5 साल में 20 हजार क्लास रूम बनाए गए हैं।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। AAP Government Report Card: आम आदमी पार्टी ने अपने कार्यालय में बीते पांच साल के विकास कार्य पर चर्चा की। इस दौरान केजरीवाल सरकार के द्वारा जनता के लिए किए गए कामों को गिनाया गया। मौका था मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा अपनी सरकार का रिपोर्ट कार्ड जारी करने का।
पांच साल में बने 20 हजार क्लास रूम
मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि सबसे अधिक कार्य शिक्षा पर हुआ है। 5 साल में 20 हजार क्लास रूम बनाए गए हैं। 3 साल से सरकारी स्कूलों के परिणाम बेहतर हुए हैं। पहले निजी स्कूलों में बहुत फीस बढ़ाई जाती थी। इसे हमने नहीं बढ़ने दिया।
स्वास्थ्य का भी बजट बढ़ा
दूसरा बड़ा काम स्वास्थ्य के क्षेत्र में किया है। शिक्षा के साथ स्वास्थ्य का भी बजट बढ़ाया गया है। अस्पतालों का कायापलट हो गया है। फ्री में दवाइयां मिलती हैं अब। जांच फ्री में हो रहे हैं। इलाज भी फ्री में होती है। हमने डेंगू पर काबू पाया है। हमारे अभियान के चलते इस बार केवल 1302 केस हुए हैं।
अब 24 घंटे बिजली की सुविधा
तीसरा काम बिजली के क्षेत्र में हुआ है। अब 24 घंटे बिजली आती है। हमारी सरकार बनने के पहले बिजली कटौती से बुरा हाल था। दिल्ली दुनिया का पहला शहर है जहां 200 यूनिट बिजली फ्री है। 32 लाख लोगों के बिजली के बिल जीरो आ रहे हैं।
14 लाख लोगों को पानी के बिल से राहत
चौथा काम पानी के क्षेत्र में हुआ है। 14 लाख लोगों का पानी का बिल नहीं आ रहा है। पानी टोंटी से पीने लायक किया गया है। तमाम लाइनें डाली गई हैं। जब हमारी सरकार बनी तो दिल्ली का बजट 31 हजार करोड़ था, 5 साल में 60 हजार करोड़ हो गया है। केंद्र सरकार ने हमारा 5 साल ऑडिट कराया तो केंद्र सरकार को हमारे खिलाफ कुछ नहीं मिला। बल्कि केंद्र सरकार ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि दिल्ली सरकार देश की पहली सरकार है जो मुनाफ़े में है।
कैमरे से फायदा
दिल्ली में 1 लाख, 40 हजार कैमरे लग गए हैं। 1 लाख 40 हज़ार और लगाए जा रहे हैं। 2 लाख स्ट्रीट लाइटें लगने जा रही हैं। महिलाओं की बस यात्रा मुफ्त की गई है। चुनाव आने से पहले सभी पार्टियां कहती थी कि काम कराएंगे, मगर कराते नहीं थे। हमने 8 हजार करोड़ रुपये इन कॉलोनियों में ख़र्च किए गए हैं। यातायात के क्षेत्र में 4300 बसें आने का सिलसिला शुरू हो गया है। मेट्रो का दायरा बढ़ाया गया है। ड्राइविंग लाइसेंस के लिए अब लोगों को रिश्वत नहीं देनी पड़ती है।
अन्य सुविधाओं पर भी हुई चर्चा
सुविधा ऑनलाइन किया गया है। 100 सेवाएं डोर स्टेप डिलीवरी के तहत मिल रही हैं। वाई फाई की सेवा शुरू की गई है।। बहुत से और काम किए हैं। हमें जो मौका दिल्ली के लोगों ने दिया है हमने पूरी ईमानदारी से काम किया है। हमें खुशी है कि आज हम सभी एजेंसियों ने हमे क्लीनचिट दे रखी है। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल साथ उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, मंत्री सत्येंद्र जैन, गोपाल राय, इमरान हुसैन, राजेन्द्र पाल गौतम समेत कई लोग मौजूद थे।