विधानसभा चुनावों में BJP की हार पर केजरीवाल का ट्वीट, 'मोदी राज की उल्टी गिनती शुरू'
परिणाम से साफ संकेत है कि जहां, जो भाजपा को हरा पा रहा है, जनता उसके साथ खड़ी है। दिल्ली में इस चुनौती को आम आदमी पार्टी (AAP) स्वीकार करती है।
नई दिल्ली, जेएनएन। पांच राज्यों (राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम) के आए विधानसभा चुनाव परिणामों पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने तीखी टिप्पणी की है। उन्होंने एक लाइन का ट्वीट कर कहा कि मोदी राज की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। वहीं, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ट्वीट किया कि चुनाव नतीजे बता रहे हैं कि अच्छे दिन आएंगे ही नहीं। जुमलेबाजों की राष्ट्रीय विदाई तय है।
इधर चुनाव नतीजे आने के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार की शाम को अपने निवास पर पार्टी नेताओं की बैठक बुलाई। इसमें सासद, विधायक, निगम पार्षद, जिलाध्यक्ष व प्रभारी आदि शामिल हुए। बैठक के बाद आप के छत्तीसगढ़ व मध्य प्रदेश के प्रभारी गोपाल राय ने कहा कि पांच राज्यों चुनाव परिणाम साबित कर रहे हैं कि देश में परिस्थितियां बदल रही हैं।
बैठक में तय हुआ है कि आम आदमी पार्टी अपने अभियान को आगे बढ़ाएगी। परिणाम से साफ संकेत है कि जहां, जो भाजपा को हरा पा रहा है, जनता उसके साथ खड़ी है। दिल्ली में इस चुनौती को आप स्वीकार करती है। लोकसभा चुनाव में दिल्ली की सभी सीटों पर भाजपा को हराने का बैठक में लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए 14 दिसंबर से पूरे प्रदेश के अंदर डोर-टू-डोर जनसंपर्क शुरू किया जाएगा। पार्टी सभी मतदान केंद्रों पर अपने सेंटर बनाएगी। उसी आधार पर दिल्ली भर में टोलियां बनाई जाएंगी, जो जिलाध्यक्षों, मंडल अध्यक्षों व वार्ड अध्यक्षें के नेतृत्व में जनसंपर्क करेंगी।
इस बीच जनता को यह बताया जाएगा कि ईवीएम की तिकड़म के बावजूद, जनता खड़ी हो जाए तो भाजपा को हराया जा सकता है। AAP के मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के प्रदर्शन के बारे में पूछे जाने पर राय ने कहा कि पार्टी ने विस्तार के लक्ष्य को लेकर तीनों राज्यों में चुनाव लड़ा था। इन राज्यों में जनता ने सिर्फ भाजपा को हराने के लिए वोट किया, इसलिए जो मजबूत दिखा उसका जनता ने समर्थन किया।