Modi Government 2.0 : वर्चुअल सभाओं में भाजपाई दाेहराएंगे स्वदेशी का संकल्प, मंत्रियों को भी जिम्मेदारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के दूसरे कार्यकाल का एक वर्ष पूर्ण होने पर भारतीय जनता पार्टी सोमवार से 98 संगठनात्मक जिलों में वर्चुअल सभाएं आयोजित करेगी।
लखनऊ, जेएनएन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के दूसरे कार्यकाल का एक वर्ष पूर्ण होने पर भारतीय जनता पार्टी सोमवार से 98 संगठनात्मक जिलों में वर्चुअल सभाएं आयोजित करेगी। तीन जून तक चलने वाली सभाओं में सरकार की उपलब्धियों को गिनाने के अलावा देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वदेशी ही अपनाने का संकल्प दोहराया जाएगा।
संगठनात्मक जिलों में होने वाली इन आनलाइन सभाओं में विभिन्न क्षेत्रों के प्रमुख व्यक्तियों, डॉक्टर, इंजीनियर, अधिवक्ता, शिक्षक, व्यापारी, खिलाड़ी व कलाकारों को भी शामिल किया जाएगा। सभाओं को संबोधित करने की जिम्मेदारी केंद्र और प्रदेश सरकार के मंत्रियों को भी सौंपी गई है। एक जून को 34, दो जून को 35 व तीन जून को 29 जिलों में वर्जुअल सभाएं होंगी।
भाजपा उत्तर प्रदेश के मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित ने बताया कि सोमवार को यूपी भाजपा के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह लखनऊ महानगर व प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल अयोध्या महानगर में संबोधित करेंगे। इसके अलावा अयोध्या जिले में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, लखमीपुर में क्षेत्रीय अध्यक्ष सुरेश तिवारी, बहराइच में क्षेत्रीय संगठन मंत्री प्रद्युम्न वर्चुअल सभाओं में विचार प्रस्तुत करेंगें। वहीं काशी क्षेत्र में राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह प्रतापगढ व डॉ. अनिल जैन वाराणसी महानगर तथा मीरजापुर में राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी, जौनपुर में क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश श्रीवास्तव व प्रयागराज महानगर में क्षेत्रीय संगठन मंत्री रत्नाकर सभाओं में रहेंगे।
इसके अलावा गोरखपुर महानगर में कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना, कुशीनगर में मुकुट बिहारी वर्मा, आजमगढ़ में सिद्धार्थनाथ सिंह, बलिया में लक्ष्मण आचार्य, मऊ में क्षेत्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह संवाद करेंगे। इसी क्रम में मंत्री नंदगोपाल नंदी मुरादाबाद महानगर, कमलारानी वरुण सहारनपुर महानगर, उपेंद्र तिवारी गाजियाबाद महानगर, कपिल देव अग्रवाल रामपुर, श्रीराम चौहान सहारनपुर जिला व नीलकंठ तिवारी हापुड़ की वर्चुअल सभाओं में मोदी सरकार की उपलब्धियां लोगों तक पहुंचाएंगे।
उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा आगरा महानगर, मंत्री सूर्य प्रताप शाही बरेली महानगर, डॉ. सतीश द्विवेदी हाथरस, प्रदेश उपाध्यक्ष जेपीएस राठौर बरेली जिला, महामंत्री गोबिंद नारायण शुक्ला आगरा जिला व क्षेत्रीय अध्यक्ष रजनीकांत महेश्वरी अलीगढ़ में संवाद स्थापित करेगें। कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के बांदा में मंत्री आशुतोष टंडन, महोबा में सतीश महाना, ललितपुर में अशोक कटारिया, कानपुर महानगर उत्तर में रवीन्द्र जायवाल, कन्नौज में नीलिमा कटियार, झांसी महानगर में सांसद रमापति राम त्रिपाठी और फर्रुखाबाद में क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह वर्चुअल सभाओं को लाइव संबोधित करेंगे। मंत्री सुरेश राना गौतम बुद्धनगर और मैनपुरी में संबोधित करेंगे।
पत्रकार वार्ताओं की सोमवार से शुरुआत : इन वर्चुअल सभाओं के अलावा सोमवार से ही प्रमुख स्थानों पर पत्रकार वार्ता की श्रंखला भी आरंभ होगी। उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह सोमवार को वाराणसी के मीडिया कर्मियों से आनलाइन रूबरू होंगे।