लखनऊ से सड़क मार्ग से अयोध्या जाएंगे उद्धव ठाकरे, ट्रेन से अयोध्या पहुंचेंगे शिवसैनिक UP News
Maharashtra CM Uddhav Thackeray महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे शनिवार को रामनगरी अयोध्या आएंगे।
लखनऊ, जेएनएन। महाराष्ट्र में शिवसेना की सरकार के सौ दिन पूरा होने पर सीएम उद्धव ठाकरे शनिवार को अयोध्या में रामलला का दर्शन करेंगे। मुंबई से फ्लाइट से लखनऊ लैंड करने के बाद ठाकरे सड़क मार्ग से अयोध्या जाएंगे। उनके आगमन से पहले विशेष ट्रेन से हजारों शिवसैनिक मुंबई से अयोध्या पहुंचेंगे। विशेष ट्रेन आज प्रयागराज में थी।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे शनिवार को रामनगरी अयोध्या आएंगे। लखनऊ के चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड करने के बाद दोपहर 12 बजे वह कार के काफिला के साथ लखनऊ से सड़क मार्ग से अयोध्या के लिए प्रस्थान करेंगे। महाराष्ट्र सीएम उद्धव ठाकरे कल दो बजे अयोध्या पहुंचेंगे। इसके बाद 4.30 बजे पत्नी और पुत्र आदित्य के साथ रामलला का दर्शन भी करेंगे। वह शाम को सरयू आरती में शामिल नहीं होंगे। वहां पर उनका करीब दो घंटा का कार्यक्रम है। रामलला के दर्शन के बाद वह लखनऊ वापस हो जाएंगे। लखनऊ से ही उनकी मुंबई के लिए उड़ान है।
हजारों शिवसैनिक पहुंचे प्रयागराज
महाराष्ट्र सरकार के सात मार्च को सौ दिन पूरे होने के उपलक्ष्य में मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस स्टेशन से अयोध्या के लिए चली स्पेशल ट्रेन शिवसैनिकों को लेकर शुक्रवार को दिन में प्रयागराज जंक्शन पर पहुंची। ट्रेन में करीब लगभग ढाई हजार महिला, बच्चे और पुरुष हैं।
शिवसैनिकों ने स्टेशन पर उतरकर जय श्रीराम के नारे लगाए। सात मार्च को अयोध्या में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, आदित्य ठाकरे तथा संजय राउत समेत महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री और पार्टी सांसद भी वहां पर मौजूद रहेंगे। इससे पहले दो बार शिवसैनिक महाराष्ट्र से अयोध्या जा चुके हैं। अब तीसरी बार जा रहे हैं। सभी लोग प्रभु रामजी का आशीर्वाद लेने के लिए निकले हैं।