Move to Jagran APP

Lok Sabha Election 2024: लोकतंत्र के महापर्व में इस बार होली कुछ अलग, अबीर-गुलाल संग सियासी रंग बिखरे रहा चमक

Lok Sabha Election 2024 कुमाऊं में बैठकी होली गायन तो गढ़वाल में खड़ी होली के दौरान होली गीतों से समूचा पहाड़ गुंजायमान हो उठता है। लोकतंत्र के महापर्व में होली का रंग इस बार कुछ अलग तरह का है। राजनीतिक दलों से लेेकर प्रत्याशियों व आम कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र के इस पर्व में होली के रंग घोलने को तमाम तरह के प्रबंध किए हैं।

By kedar dutt Edited By: Nirmala Bohra Published: Sun, 24 Mar 2024 09:03 AM (IST)Updated: Sun, 24 Mar 2024 09:03 AM (IST)
Lok Sabha Election 2024: लोकतंत्र के महापर्व में अबीर-गुलाल संग सियासी रंग की चमक

राज्य ब्यूरो, देहरादून: Lok Sabha Election 2024: लोकतंत्र के महापर्व में होली का रंग इस बार कुछ अलग तरह का है। अबीर-गुलाल के साथ सियासी रंग की चमक भी खूब बिखर रही है। जो मैदान में है और जो नहीं भी, वह भी इस रंग में सराबोर नजर आ रहा है। वोट रूपी जो आशीर्वाद है, उसे हासिल करके होली के रंग को और गाढ़ा करने में हर कोई जुटा है।

loksabha election banner

राजनीतिक दलों से लेेकर प्रत्याशियों व आम कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र के इस पर्व में होली के रंग घोलने को तमाम तरह के प्रबंध किए हैं। गांवों, कस्बों व शहरों से लेकर पहाड़ की चोटियों से तलहटी तक होली के इस पर्व को राजनीतिक रूप से भी यादगार बनाने के प्रयास हो रहे हैं।

चुनावी रंग भी चढ़ा

देवभूमि में होली की रंगत काफी पहले से प्रारंभ हो जाती है। कुमाऊं में बैठकी होली गायन तो गढ़वाल में खड़ी होली के दौरान होली गीतों से समूचा पहाड़ गुंजायमान हो उठता है। रंगों-उमंगों का त्योहार होली इस बार लोकतंत्र के महापर्व के दौरान आया है तो स्वाभाविक रूप से इस पर चुनावी रंग भी चढ़ा है। पिछले दो-तीन दिनों से जिस तरह से होली मिलन कार्यक्रमों में नेताओं की उपस्थिति दिख रही है और रविवार व सोमवार के कार्यक्रम तय किए गए हैं, वह इसी तरफ इशारा कर रहे हैं।

भाजपा के दृष्टिकोण से देखें तो प्रदेश भाजपा ने होलिका दहन से पहले रविवार को प्रदेश कार्यालय के अलावा अपने सभी सांगठनिक जिला मुख्यालयों में होली मिलन के कार्यक्रम तय किए हैं। इसके साथ ही लोकसभा की पांचों सीटों के पार्टी प्रत्याशियों ने रविवार और फिर रंग पंचमी पर सोमवार के कई कार्यक्रम निर्धारित किए हैं।

टिहरी सीट से भाजपा प्रत्याशी माला राज्यलक्ष्मी ने तय किया है कि वह देहरादून स्थित आवास पर कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगी। इस दौरान होली की शुभकामनाओं के आदान-प्रदान का सिलसिला स्वाभाविक रूप से चलेगा। हरिद्वार सीट से प्रत्याशी त्रिवेंद्र सिंह रावत रविवार को बालावाला में होली मिलन कार्यक्रम में शामिल होंगे, जबकि रंग पंचमी पर वह घर में कार्यकर्ताओं से मिलेंगे।

आयोजित हो रहे होली मिलन कार्यक्रम

गढ़वाल सीट से प्रत्याशी अनिल बलूनी भी रविवार को ऋषिकेश के ढालवाला में होली मिलन कार्यक्रम में भाग लेंगे। नैनीताल-ऊधम सिंह नगर सीट से प्रत्याशी अजय भट्ट सबसे अधिक व्यस्त रहेंगे। उनका भीमताल, छतरपुर, रुद्रपुर समेत अन्य स्थानों पर कार्यकर्ताओं की ओर से आयोजित होली मिलन में शामिल होने का कार्यक्रम है। अल्मोड़ा सीट से प्रत्याशी अजय टम्टा रविवार को धारानौला क्षेत्र में होली मिलन कार्यक्रम में शामिल होंगे। सोमवार को वह अल्मोड़ा के विभिन्न वार्डों का भ्रमण जनता को होली की शुभकामनाएं देंगे।

कांग्रेस की ओर से भी राज्य में विभिन्न स्थानों पर होली मिलन के कार्यक्रम तय किए जा रहे हैं। गढ़वाल सीट से कांग्रेस प्रत्याशी गणेश गोदियाल रविवार को धुमाकोट, बीरोंखाल में सभाओं को संबोधित करने के साथ ही जनसंपर्क कर होली की शुभकामनाएं देंगे।

रंग पंचमी पर सोमवार को वह अपने गांव पैठाणी में होली मनाएंगे। टिहरी सीट से प्रत्याशी जोत सिंह गुनसोला और अल्मोड़ा से प्रत्याशी प्रदीप टम्टा भी होली मिलन के कार्यक्रमों में व्यस्त रहेंगे। इसके साथ ही कांग्रेस के कई नेताओं ने भी अलग से होली मिलन के कार्यक्रमों की रूपरेखा निर्धारित की है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.