इंदौर में फंसे बंगाल के प्रवासी श्रमिकों को लाने की पहल, ममता को मिला शिवराज का पत्र
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज चौहान ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को पत्र लिखा है जिसमें उन्होंने श्रमिक स्पेशल ट्रेन चलाने के लिए रेलवे से आग्रह करने को कहा
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : मध्य प्रदेश के इंदौर में बड़ी संख्या में पश्चिम बंगाल के प्रवासी मजदूर फंसे हुए हैं। इसके मद्देनजर प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने श्रमिक स्पेशल ट्रेन चलाने के लिए रेलवे से आग्रह करने के लिए कहा है। यहां इसकी जानकारी देते हुए गृह सचिव आलापन बंधोपाध्याय ने बताया कि शिवराज सिंह चौहान का पत्र मुख्यमंत्री को मिला है। उन्होंने इंदौर से कोलकाता ट्रेन चलाए जाने के लिए रेलवे से आग्रह करने को कहा है। इससे मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों में फंसे बंगाल के प्रवासी कामगार वापस अपने घरों को लौट सके हैं।
गृह सचिव ने बताया कि राज्य सरकार सूबे के प्रवासी श्रमिकों को राज्य में लौटाने के लिए भरसक प्रयास कर रही है तथा इंदौर में फंसे बंगाल के श्रमिकों को वापस लाने के लिए शीघ्र ही कोई उपाय किए जाएंगे। बताते चलें कि देशभर में लॉकडाउन की वजह से विभिन्न राज्यों में कामगार अपने घरों की ओर लौट रहे हैं और कुछ लौटने के लिए बेसब्र हैं। इंदौर शहर मध्यप्रदेश का प्रमुख शहर है, जहां इंडस्ट्रीज, बिजनेस और एजुकेशनल एक्टीविटीज काफी संख्या में हैं। इसी वह से पश्चिम बंगाल के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में प्रवासी कामगार इंदौर में काम करते हैं। लॉकडाउन की वजह से फंसे यह कामगार अपने घरों की ओर लौटना चाहते हैं, लेकिन काफी लंबा रास्ता होने की वजह और सरकार की तरफ से परिवहन के जरिये उनके घरों की ओर रवाना करने में काफी महंगा, असुविधाजनक और असुरक्षित महसूस किया जा रहा है।