केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र तोमर ने साधा विपक्ष पर निशाना, कहा- आतंकवादियों को नकेल लगाने का काम जारी
भाजपा की उत्तर प्रदेश में दूसरी वर्चुअल रैली में मुख्य वक्ता केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि कांग्रेस को माहौल खराब करने की आदत अब छोड़ देनी चाहिए।
लखनऊ, जेएनएन। केंद्रीय कृषि, किसान कल्याण व पंचायतीराज मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि भारत के साथ एकाकार होने के बाद कश्मीर में गरीबों को न्याय मिलना प्रारंभ हो गया है। आतंकवादियों की नाक में नकेल डालने का काम भी तेजी से जारी है। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने बुधवार को भाजपा की उत्तर प्रदेश में दूसरी वर्चुअल रैली में मुख्य वक्ता तोमर ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा।
दिल्ली से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए पूर्वांचल की रैली को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री नरेंद्र तोमर ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार बनने से पहले कई दलों की सरकारें रही हैं, जिन्होंने प्रदेश को इतने बड़े जख्म दिए कि उनकी जितनी निंदा की जाए उतनी कम है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को माहौल खराब करने की आदत अब छोड़ देनी चाहिए।
कोरोना संकट में केंद्र व प्रदेश सरकार के कार्यों की जमकर सराहना करते हुए केंद्रीय मंत्री नरेंद्र तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की रणनीति से वायरस संक्रमण पर अंकुश लगा। तोमर ने कृषि व अन्य क्षेत्रों में विकास पर प्रदेश सरकार का अनुकरण करने की सलाह अन्य राज्यों को दी। राम मंदिर निर्माण, सीएए, तीन तलाक व धारा 370 जैसे मुद्दों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सशक्त भारत की नींव प्रधानमंत्री के पहले कार्यकाल में भी पड़ गयी थी।
कांग्रेस को जनता माफ नहीं करेगी : उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने प्रत्येक वर्ग जरूरतों को पूरा करने का काम किया है। गांव, गरीब, किसान, महिलाओं व युवाओं की समस्याओं का निदान प्राथमिकता से किया जा रहा है। ऐसे में विपक्षी दल खास कर कांग्रेस अनर्गल बयानबाजी से बाज नहीं आ रही है। देश कांग्रेस को कभी माफ नहीं करेगा। उन्होंने कांग्रेस व सपा बसपा की तिकड़ी को सदबुद्धि देने की ईश्वर से प्रार्थना भी की।
लखनऊ में वर्चुअल जनसंवाद रैली का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया l हमारे प्रधानमंत्री मा. श्री नरेन्द्र मोदी जी विश्व के सबसे शक्तिशाली नेता हैं और भारत विश्व की सबसे शक्तिशाली सेनाओं में एक है, जो जल, थल, नभ तीनों जगह दुनिया के किसी भी देश से सामना करने में सक्षम है। pic.twitter.com/sp2lzFtjZp — Keshav Prasad Maurya (@kpmaurya1) June 24, 2020
भारत की होगी 21 वीं सदी : पूर्वांचल रैली का संचालन करते हुए प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियाें को गिनाते हुए महामारी काल में मजबूती से लड़ी जा रही लड़ाई को सराहा। उन्हाेंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लिए गए फैसलों को ऐतिहासिक करार देते हुए पूरी दुनिया के उनके नेतृत्व को स्वीकारा है। स्वतंत्रदेव ने कहा कि जिस तरह पूरे विश्व में कोरोना से लड़ने में भारत एक मॉडल के रूप में सामने आया है। उसी तरह उत्तर प्रदेश भी देश के अन्य राज्यों के लिए मॉडल साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत पैकेज से देश को नयी ताकत मिलेगी। मजबूत व सशक्त भारत निर्माण का संकल्प लेकर 130 करोड़ देशवासी आगे बढ़ेंगे तो 21 वीं सदी भारत की होगी। कोरोना संक्रमण काल में कार्यकर्ताओं द्वारा किए सेवा कार्यों की सराहना करना भी प्रदेश अध्यक्ष नहीं भूले।
आज केन्द्रीय मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर (@nstomar) जी ने ‘उत्तर प्रदेश जनसंवाद कार्यक्रम’ से जुड़े लाखों लोगों को संबोधित किया।
उन्होंने मोदी सरकार 2.0 द्वारा किसानों के लिए शुरू की गई हितकारी योजनाओं और एक वर्ष में किए गए ऐतिहासिक कार्यों के बारे में विस्तार से बताया। pic.twitter.com/gmVo1sCnOq — Swatantra Dev Singh (@swatantrabjp) June 24, 2020
बड़ी संख्या में डिजिटल माध्यमों से जुड़े लोग : रैली में गोरखपुर व काशी क्षेत्र के लोग बड़ी संख्या में डिजिटल माध्यमों से जुड़े थे। दिल्ली से केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय व अरुण सिंह ने मंत्री तोमर का स्वागत किया। महामंत्री पंकज सिंह व सलिल विश्नोई ने आभार जताया। रैली में संगठन महामंत्री सुनील बंसल, सूर्यप्रताप शाही, सिद्धार्थनाथ सिंह, राजेंद्र प्रताप मोती सिंह, उपेंद्र तिवारी, नंदगोपाल नंदी, स्वामी प्रसाद मौर्य, रविंद्र जायसवाल, नीलकंठ तिवारी, सतीश द्विवेदी, जयप्रताप सिंह के अलावा डा. राकेश त्रिवेदी, विद्यासागर सोनकर, गोविंद नारायण शुक्ल, विजय बहादुर पाठक, संजय राय व अनूप गुप्ता भी मौजूद रहें। अंत में आत्मनिर्भर भारत निर्माण की शपथ ली गई।