Delhi Assembly Election: काम आ रहा मनोहर का दिल्ली और केजरीवाल का हरियाणा कनेक्शन
दिल्ली विधानसभा चुनाव में हरियाणा के सीएम मनोहरलाल का दिल्ली कनेक्शन और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल का हरियाणा कनेक्शन काम आ रहा है। दोनों अपनी रणनीति पर चल रहे हैं।
चंडीगढ़, [अनुराग अग्रवाल]। हरियाणा की सरजमीं से ताल्लुक रखने वाले दो दिग्गज मनोहर लाल और अरविंद केजरीवाल दिल्ली के रण में आमने-सामने हैं। दोनों का हरियाणा और दिल्ली कनेक्शन है। दोनों ही विकास के मुद्दे पर एक दूसरे की घेराबंदी करने में जुटे हैं। बाहरी दिल्ली की डेढ़ से दो दर्जन विधानसभा सीटें ऐसी हैं, जिन पर हरियाणा मूल के दिल्ली में बसे मतदाता, कामकाजी लोग और उनके रिश्तेदार निर्णायक की भूमिका में हैं। दोनों के कनेक्शन Delhi Assembly Election में काम करते नजर आ रहे हैं।
दिल्ली में कई साल तक निजी कारोबार करते रहे हरियाणा के सीएम मनोहर लाल
इस चुनाव में जहां हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल का दिल्ली कनेक्शन काम आ रहा है, वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का हरियाणा कनेक्शन असरदार साबित हो रहा है। हरियाणा के सीएम मनोहर लाल कई साल तक दिल्ली में रह चुके तथा यहां अपना निजी कारोबार करते रहे हैैं। संगठन की गतिविधियां भी मनोहर लाल ने दिल्ली में रहकर तेज की।
हरियाणा के भिवानी जिले की सिवानी मंडी के मूल निवासी हैं दिल्ली के सीएम केजरीवाल
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल मूल रूप से हरियाणा के भिवानी जिले की सिवानी मंडी के रहने वाले हैैं। उनकी पढ़ाई हिसार में हुई। सिवानी मंडी में उनके पिता की आढ़त की दुकान थी। परिवार के कुछ लोग अभी भी सिवानी मंडी में रहते हैैं। दिल्ली के रण में यह दोनों दिग्गज अपने कनेक्शन का फायदा उठाने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे। दोनों ही अपने-अपने राज्यों में हुए विकास कार्यों के आधार पर जनता के बीच हैैं।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल बिजली, पानी, शिक्षा और चिकित्सा सुविधाओं के आधार पर सीना ठोंक कर वोट की अपील कर रहे, जबकि हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल की दलील है कि दिल्ली के विकास की तुलना किसी राज्य से नहीं बल्कि चंडीगढ़ या गुरुग्र्राम सरीखे शहर से की जानी चाहिए। मनोहर लाल के अनुसार दिल्ली में प्रति व्यक्ति आय करीब साढ़े तीन लाख रुपये है तो गुरुग्राम में यह साढ़े पांच लाख है। इसके जवाब में केजरीवाल कहते हैं कि हरियाणा के स्कूल वहां के विकास की पोल खोलने को काफी हैं।
जन्माष्टमी के दिन पैदा हुए केजरीवाल को कहा जाता था कान्हा
अरविंद केजरीवाल हिसार के डीएवी कालेज के छात्र रहे हैैं। उनका जन्म 16 अगस्त 1968 को भिवानी जिले के सिवानी में हुआ। केजरीवाल के पिता गोविंद राम केजरीवाल जिंदल ग्रुप में इलेक्ट्रिकल इंजीनियर थे। वह परिवार समेत हिसार की जिंदल कालोनी में रहते थे। अरविंद केजरीवाल का ननिहाल भी हिसार में हैं। केजरीवाल का जन्म जन्माष्टमी के दिन हुआ था, जिसकी वजह से उनको कान्हा भी कहा जाता रहा है। हिसार में जिंदल ग्र्रुप के कैंपस स्कूल में केजरीवाल नाटक और भाषण प्रतियोगिताओं में बढ़ चढ़कर भागीदारी करते थे।
मनोहर लाल ने दिल्ली में ट्यूशन पढ़ाए और कपड़े की दुकान खोली
हरियाणा के सीएम मनोहर लाल ने अपना काफी समय दिल्ली में बिताया है। मनोहर लाल डाक्टर बनना चाहते थे। मेडिकल कॉलेज में दाखिले की परीक्षा की तैयारी के लिए मनोहर लाल दिल्ली चले गए थे। वहां उन्होंने खासा संघर्ष किया। आजीविका कमाने के लिए उन्होंने ट्यूशन भी पढ़ाई। उन्होंने दिल्ली में पढ़ाई के साथ-साथ सदर बाजार में दुकान खोली। इसके लिए परिवार से पैसा जुटाया और कपड़े की दुकान खोल ली।
मनोहर लाल ने दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री ली और इस दौरान अपना कारोबार भी बढ़ा लिया। पढ़ाई के बाद न सिर्फ उन्होंने अपने माता-पिता से लिया पैसा लौटाया, बल्कि अपनी छोटी बहन की शादी भी कराई। इसके अलावा अपने दो भाई-बहन को दिल्ली बुला लिया। फिर पार्टी ने उन्हें संगठन के काम में लगा दिया।
हरियाणा के कारखानों में आठ फरवरी को अवकाश
हरियाणा सरकार ने दिल्ली में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर 8 फरवरी को मतदान के दिन अवकाश घोषित किया है। हरियाणा के कारखानों में काम कर रहे ऐसे श्रमिक जो दिल्ली के मतदाता है, वह 8 फरवरी को पेड होली-डे' ले सकते हैैं। केवल उन्हीं श्रमिकों को यह छूट दी गई है, जो राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में मतदाता के रूप में पंजीकृत हैं और हरियाणा राज्य के कारखानों में काम कर रहे हैं।