Move to Jagran APP

प्रियंका का निर्देश, राजीव गांधी की पुण्य तिथि पर आज UP सरकार के खिलाफ सोशल मीडिया पर लड़ाई

प्रवासी कामगार व श्रमिकों की मदद करने के मामले में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

By Dharmendra PandeyEdited By: Published: Thu, 21 May 2020 10:35 AM (IST)Updated: Thu, 21 May 2020 11:51 AM (IST)
प्रियंका का निर्देश, राजीव गांधी की पुण्य तिथि पर आज UP सरकार के खिलाफ सोशल मीडिया पर लड़ाई
प्रियंका का निर्देश, राजीव गांधी की पुण्य तिथि पर आज UP सरकार के खिलाफ सोशल मीडिया पर लड़ाई

लखनऊ, जेएनएन। कोरोना वायरस के कारण लॉकडाउन बढ़ाए जाने के बाद प्रवासी कामगारों व श्रमिकों की मदद के मामले में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की पुण्य तिथि पर आज यानी 21 मई को प्रियंका गांधी ने कांग्रेस के सभी कार्यकर्ताओं तथा नेताओं को दोपहर में सोशल मीडिया पर योगी आदित्यनाथ सरकार के दमन का विरोध करने के साथ ही गरीबों व श्रमिकों की आवाज बुलंद करने का निर्देश दिया है।

loksabha election banner

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव तथा उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के लिए संदेश जारी किया है। प्रियंका ने लिखा है कि साथियों, आपने योगी आदित्यनाथ सरकार का कोरोना महामारी से लड़ने का तरीका देखा। कांग्रेस पार्टी ने प्रवासी श्रमिकों के लिए बसों का इंतजाम किया तो प्रदेश सरकार ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष को फर्जी मुकदमे में जेल भेज दिया। कोरोना आपदा काल में पूरा देश एकजुट होकर महामारी से लड़ रहा है, मगर यूपी सरकार श्रमिकों के लिए बस, ट्रेन टिकट, खाने और राशन का इंतजाम करने वालों को जेल में डाल रही है।

राजीव गांधी जी का 30वां शहादत दिवस आज है। राजीव जी ने देश के लिए अपनी जान दी। वह हिंदुस्तान और इसके वासियों से बेइंतहा प्यार करते थे। गरीबों का दर्द उनसे देखा नहीं जाता था। हम सब उनकी सोच के वारिस हैं। हमने राजीव जी से कमजोरों की मदद करना सीखा है । हमें कोई नहीं डरा सकता। राजीव जी की याद करते हुए आज, 21 मई 2020, दोपहर 1 बजे से हमारे 50,000 हजार कार्यकर्ता फेसबुक लाइव के माध्यम से श्रमिकों की आवाज उठाएंगे और राज्य के दमन का विरोध करेंगे। यह राजीव जी को एक सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

पूरी कांग्रेस पार्टी, समस्त अग्रिम संगठन व विभाग और सेल, फोरम इत्यादि व हमारा एक एक कार्यकर्ता पूरी ताकत से श्रमिकों की आवाज उठाएंगे और राज्य दमन का प्रतिरोध करेंगे। समस्त पीसीसी पदाधिकारियों, समस्त जिला व शहर अध्यक्षों, फ्रंटल, विभागों, सेल के अध्यक्ष/इंचार्ज को पूरी शिद्दत से इसकी तैयारी में लग जाना है और दोपहर 12 बजे तक पीसीसी कार्यालय व सोशल मीडिया विभाग को जिले के भागीदारों की सूची लिखित या फोन से उपलब्ध करा देनी है। हम सबको मिलकर इसे सफल बनाना है। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.