कांग्रेस नेता राशिद अल्वी का दावा, पीएम मोदी को डंडा मारकर भगाएंगे युवा
अल्वी ने कहा कि हम सीएए का विरोध करने वाले हर व्यक्ति के साथ हैं। उन्होंने कहा कि एक दिन देश के हालात ऐसे हो जाएंगे कि मोदी को युवा डंडा मारकर भगा देंगे।
अलीगढ़, जेएनएन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकसभा में भाषण के बाद अब कांग्रेस उनके ऊपर लगातार प्रहार कर रही है। अलीगढ़ में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता राशिद अल्वी ने पीएम नरेंद्र मोदी को डंडा मारकर भगाने संबंधी आरोप पर कहा कि भाजपा वाले झूठ बोलते हैं।
अल्वी ने कहा कि राहुल गांधी ने एक जुमला तक नहीं कहा। हम सीएए का विरोध करने वाले हर व्यक्ति के साथ हैं। उन्होंने कहा कि एक दिन देश के हालात ऐसे हो जाएंगे कि मोदी को युवा डंडा मारकर भगा देंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा को पाकिस्तान और वहां के प्रधानमंत्री इमरान खान के सिवा कुछ नजर नहीं आता। अपने हर विरोधी को पाकिस्तान और इमरान खान से जोड़ देते हैं। अब भाजपा बताए कि आतंकवादियों को अपनी गाड़ी में घुमाने वाले डीएसपी पर क्यों चुप है।
अल्वी ने मीडिया पर भी निशाना साधा और कहा कि चैनल क्यों इस खबर को नहीं दिखा रहे। अल्वी किसान जन जागरण अभियान के तहत प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए अलीगढ़ आए। इस दौरान उन्होंने बताया कि आज से ही यह अभियान शुरू हुआ है। हर जिले में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं। प्रदेश में किसानों की हालत बहुत खराब है। गन्ने का बकाया नहीं मिल रहा है। कर्जा न चुकाने पर उन्हें आत्महत्या के लिए मजबूर किया जा रहा है।
किसानों के अधिकार के लिए लड़ेगी कांग्रेस : पीएल पुनिया
कांग्रेस के प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद पीएल पुनिया ने गोरखपुर में कहा कि पार्टी किसानों के अधिकार के लिए हर स्तर पर लड़ाई को तैयार है। पूरे प्रदेश में कार्यकर्ता किसानों के बीच जाएंगे और उन्हें जागरूक करेंगे। 17 मार्च को विभिन्न मांगों को लेकर लखनऊ में किसान मार्च आयोजित किया जाएगा।
पुनिया ने ट्रांसपोर्ट नगर स्थित पार्टी कार्यालय पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हर ब्लाक में 30 कार्यकर्ताओं की टीम गठित की गई है। हर कार्यकर्ता 10 किसानों को जोड़ेगा। उनसे मांग पत्र भरवाएगा। तहसील दिवस पर मांगपत्र सौंपा जाएगा। विधायकों और सांसदों से मिलकर ज्ञापन सौंपा जाएगा। उसके बाद तहसील स्तर से लेकर जिला मुख्यालय तक प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा किसानों की आय दोगुना करने का झूठा दावा कर रही है। उल्टा वह किसानों की जेब से पैसा निकाल रही है। कांग्रेस सरकार में जो सब्सिडी दी जाती थी, उसमें कटौती की गई है। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार है। वहां धान का समर्थन मूल्य 2500 रुपया तय किया गया है जबकि भाजपा सरकार 1715 रुपए प्रति कुंतल की दर से भुगतान कर रही है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि हम किसी को नागरिकता देने का विरोध नहीं करते हैं लेकिन यह धर्म के आधार पर नहीं होना चाहिए।
संविधान की मूल भावना का सम्मान होना चाहिए। भाजपा ने इस कानून में हिंदू, बुद्धिस्ट, ईसाई को नागरिकता देने की बात कही है लेकिन श्रीलंका से आने वाले तमिल हिंदू, तिब्बत से आने वाले बुद्धिस्ट का कोई जिक्र नहीं किया गया है। दिल्ली चुनाव पर पूछे गए सवाल के जवाब में पुनिया ने कहा कि आम आदमी पार्टी एवं भाजपा दोनों ने केवल मार्केटिंग की है। विकास कांग्रेस ने ही किया है। जनता सब समझ चुकी है। वहां निश्चित रूप से कांग्रेस की सरकार पूर्ण बहुमत के साथ बनेगी। इससे पूर्व कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।