कांग्रेस के पूर्व मंत्री ने दिया फिर विवादित बयान, कहा- जिन्ना ने देश तोड़ा नहीं, उन्होंने तो भला किया
कांग्रेस के पूर्व मंत्री सज्जन वर्मा ने कहा कि जिन्ना ने देश तोड़ा नहीं उन्होंने तो भला किया। पढ़े-लिखे लोगों के दिमाग में भी यही है कि जिन्ना ने देश तोड़ दिया जबकि उन्होंने तो हमें खड़े होने की जगह दी।
मालवा, जेएनएन। पूर्व मंत्री व कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सज्जन वर्मा ने मध्य प्रदेश के आगर-मालवा में फिर विवादित बयान दिया और कहा कि जिन्ना ने देश तोड़ा नहीं, उन्होंने तो भला किया। पढ़े-लिखे लोगों के दिमाग में भी यही है कि जिन्ना ने देश तोड़ दिया, जबकि उन्होंने तो हमें खड़े होने की जगह दी। यदि सारे मुसलमान यहां होते तो पता नहीं हम कहां होते। सज्जन वर्मा कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक में शामिल होने यहां आए थे।
वर्मा ने आरएसएस और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों हिंदू-मुसलमान के साथ खेल कर रहे हैं। जो हमने विकास किया, वह भाजपा बेच रही है। कांग्रेस नेता यहीं नहीं रके, बल्कि संघ प्रमुख मोहन भागवत के अखंड भारत बनाने के बयान पर भी टिप्पणी की।
उन्होंने कहा यदि पाकिस्तान, इंडोनेशिया, बांग्लादेश के मुसलमान अखंड भारत में आ गए तो नरेन्द्र मोदी, मोहन भागवत आपको खड़े रहने की जगह भी नही मिलेगी। उन्होंने जिन्ना को स्वतंत्रता सेनानी भी बताया। उल्लेखनीय है कि 27 मई को मंदसौर में आयोजित महंगाई के खिलाफ कांग्रेस के धरना और रैली प्रदर्शन में भी वर्मा का जिन्ना प्रेम झलका था। तब उन्होंने कहा था कि देश को आजाद करने की लड़ाई में योगदान देने वाले महात्मा गांधी, पंडित जवाहर लाल नेहरू, लाल बहादुर शास्त्री के साथ जिन्ना साहब भी शामिल थे।
कांग्रेस जिन्ना को आदर्श पुरुष बना लेंः बीजेपी
वर्मा के इस बयान पर चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि देश के बंटवारे को नेहरू और जिन्ना के षड्यंत्र को कांग्रेस ने मान लिया है। ये कांग्रेस का अधिकृत बयान है, लाखों लोगों के नरसंहार के लिए जवाहरलाल नेहरू दोषी हैं। विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि जिन्ना में गन्ने-सी मिठास ढूंढने के निर्देश जयपुर में कांग्रेस के चिंतन शिविर से कांग्रेसी नेताओं को मिले है। इस वजह से सज्जन वर्मा जिन्ना-जिन्ना का राग अलाप रहे हैं। जिन्ना को महापुरुष बता रहे हैं। कांग्रेस जिन्ना को अपना आदर्श पुरुष क्यों नहीं बना लेती?