Move to Jagran APP

मध्य प्रदेश में फेसबुक पर बिछी चुनावी बिसात, सोशल मीडिया पर भाजपा-कांग्रेस का चुनाव प्रचार

मध्य प्रदेश चुनाव के प्रचार के लिए भाजपा और कांग्रेस सोशल मीडिया पर दांव आजमा रही हैं। दोनों पार्टियां फेसबुक के जरिए जनता से संवाद कर रही हैं।

By Nancy BajpaiEdited By: Published: Fri, 25 May 2018 01:43 PM (IST)Updated: Fri, 25 May 2018 01:43 PM (IST)
मध्य प्रदेश में फेसबुक पर बिछी चुनावी बिसात, सोशल मीडिया पर भाजपा-कांग्रेस का चुनाव प्रचार
मध्य प्रदेश में फेसबुक पर बिछी चुनावी बिसात, सोशल मीडिया पर भाजपा-कांग्रेस का चुनाव प्रचार

भोपाल (नईदुनिया)। मध्य प्रदेश में चुनावी बिसात बिछ चुकी है। मैदानी तौर पर संगठन को मजबूत करने में जुटे दोनों प्रमुख दल (कांग्रेस व भाजपा) सोशल मीडिया का भी सहारा ले रहे हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस तो प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह ने अपनी पार्टी की ओर से फेसबुक लाइव पर मोर्चा संभाला। दोनों नेताओं ने अपनी-अपनी पार्टी की खूबियां गिनाईं, तो विरोधी दलों पर निशाना भी साधा।

loksabha election banner

एक लाख बच्चे अपना पहला जन्मदिन ही नहीं देख पाते: सिंधिया
फॉलोअर्स: 3 लाख 35 हजार 468 

सिंधिया ने फेसबुक लाइव के दौरान मध्य प्रदेश में कुपोषण की स्थिति को चिंताजनक करार दिया। उन्होंने कहा कि यहां एक लाख बच्चे अपना पहला जन्मदिन तक नहीं देख पाते हैं, जबकि सरकार कुपोषण और शिशु मृत्यु दर को कम करने के लिए हर साल 2000 करोड़ रुपये खर्च करती है। उन्होंने दावा किया कि मध्य प्रदेश में नवंबर में होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनेगी। जब सरकार बनेगी तो हम अमेरिका या यूरोप के साथ तुलना नहीं करेंगे, बल्कि मध्य प्रदेश का अपना मॉडल बनाएंगे। हम शिक्षा, स्वास्थ्य, किसानों को लाभ दिलाने, महिला सुरक्षा और नौजवानों को रोजगार या काम दिलाने में प्रदेश को नंबर एक बनाएंगे, जो मौजूदा समय में दुष्कर्म व अवैध उत्खनन में देश में अव्वल स्थान पर है। लाइव के दौरान 700 से 1000 लोग वीडियो देखते रहे थे। 

पहले गुट थे, अब नहीं

सिंधिया ने कहा कि अब दिग्विजय, कमलनाथ या मेरे गुट नहीं रहे। हम सब एक हैं, क्योंकि अब प्रदेश और जनता के लिए संग्राम का समय है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह द्वारा मप्र में भाजपा को अंगद का पैर बताने और कांग्रेस नेताओं के कार्टून बनाए जाने के सवाल पर कहा कि अंगद का पैर नवंबर के चुनाव में आने वाले भूकंप में धरती में समा जाएगा। सिंधिया ने कहा कि मप्र में भ्रष्टाचार के रूप में कैंसर है। हम इसकी कीमोथैरेपी कर इलाज करेंगे। हमारी सरकार बनेगी तो जीरो टॉलरेंस होगा। रिश्वत लेने या भ्रष्टाचार करने वालों पर तुरंत कार्रवाई होगी।

सरकार ने बेटी के जन्म को गौरव बनाया: राकेश सिंह
फालोअर्स: 2 लाख 64 हजार 816

राकेश सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ फेसबुक पर लाइव संवाद किया। उन्होंने कहा कि शिवराज सरकार ने गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए ढेरों योजना तैयार की हैं। इन्हें लेकर ही जनता के बीच जाना है। कांग्रेस सरकार में जो व्यक्ति विकास को छू भी नहीं सका, उन्हें अपनी जिम्मेदारी मानते हुए शिवराज सरकार ने उनके जन्म से लेकर शादी तक की चिंता की है। मप्र सरकार ने बेटी के जन्म को गौरव बनाया है।

प्रदेश में कर्नाटक जैसी स्थिति होने के एक कार्यकर्ता के सवाल पर सिंह बोले कि कांग्रेस सत्ता हासिल करने के लिए बैचेन है। दुनिया की कुछ ताकतें नरेंद्र मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री नहीं बनने देना चाहती हैं। कांग्रेस उनका साथ दे रही है। किसान आंदोलन में हिंसा भड़कने की आशंका पर कहा कि कांग्रेस किसी भी तरीके से सत्ता हथियाना चाहती है। इसके लिए वह प्रदेश को अशांत भी कर सकती है। कांग्रेस नेतृत्व पर बोले कि कमलनाथ पर उनकी पार्टी को विश्वास नहीं है, इसलिए चार कार्यकारी अध्यक्ष अलग से दिए हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.