पूर्ववर्ती सरकारों ने किसानों का इस्तेमाल किया और हमने उनको मालामाल : योगी आदित्यनाथ
सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर कहा कि भाजपा ने हमेशा ही किसानों का सम्मान किया है। देश के अन्नदाता को भाजपा ने सदैव ही शीर्ष वरीयता पर रखा है।
लखनऊ, जेएनएन। देश के पूर्व प्रधानमंत्री तथा किसानों के बड़े रहनुमा माने जाने वाले स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह की जयंती पर उत्तर प्रदेश सरकार ने सोमवार को किसानों का सम्मान किया। चौधरी चरण सिंह की 117वीं जयंती पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने विधान भवन प्रांगण में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
चौधरी चरण सिंह की जयंती पर आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधान भवन प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में किसानों को सम्मानित किया। इस अवसर पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही भी मौजूद थे। चौधरी चरण सिंह की जयंती पर सोमवार को प्रदेश में किसान सम्मान दिवस मनाया जा रहा है। आज विधान भवन परिसर में इकट्ठा किसानों को सम्मान के साथ किसान कृषि कैलेंडर भी दिया गया। इस दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने किसानों को संबोधित भी किया।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर कहा कि भाजपा ने हमेशा ही किसानों का सम्मान किया है। देश के अन्नदाता को भाजपा ने सदैव ही शीर्ष वरीयता पर रखा है। किसानों के लिए हम सूबे में लगातार लाभकारी योजना तैयार कर रहे हैं। हमने वैज्ञानिक तरीके की कृषि को शीर्ष वरीयता देने के साथ ही सूबे के किसानों को पारंगत करने के लिए उनको वैज्ञानिकों के बीच आमंत्रित भी किया है। हम तो समय-समय पर किसान गोष्ठी का आयोजन करते हैं। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश की पूर्ववर्ती सरकारों ने किसानों को वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया। इसके विपरीत हमने को किसानों को उनकी फसल का अच्छा दाम दिलाकर मालामाल किया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि करीब तीन वर्ष पहले तक प्रदेश में विपक्षी पार्टियों ने किसानों का केवल इस्तेमाल किया है जबकि भाजपा ने जब से बागडोर सम्भाली है। किसानों को पूरा सम्मान दिया है। यह भी कहा कि देश में जब से नरेन्द्र मोदी ने सत्ता सम्भाली तब से किसानों ने बदलाव महसूस करना शुरू किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से देश में जो किसानों के हित में जो कार्य हुए वह पहले कभी नहीं हुए।
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद इस देश के अन्दर भारत की कृषि नीति कैसी होनी चाहिए वह आवाज चौधरी चरण सिंह बनकर निकले। पूरे देश के किसानों ने उन्हें अपना नेता माना। चौधरी जी के नाम पर लोगों ने बहुत राजनीति की लेकिन उनके जन्मस्थली पर रमाला चीनी मिल जो बन्दी की कगार पर थी उसे हमने दुबारा शुरू कराया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनते ही किसानों की तकदीर बदलनी शुरू हुई। गन्ना किसानों के लिए सरकार ने बड़े स्तर पर काम किया। भाजपा सरकार ने पहली बार किसानों का कर्ज सफलता पूर्वक खत्म किया। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वे किसानों को आश्वस्त करना चाहेंगे कि प्रदेश और देश की सरकार उनके लिए कार्य कर रही है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश भर में खेती किसानी के अलग-अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट उत्पाकता प्राप्त करने वाले 31 किसानों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के रूप में नकद एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में कृषि एवं कृषि शिक्षा मंत्री सूर्य प्रताप शाही, गन्ना मंत्री सुरेश राणा तथा पशुधन मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण भी मौजूद थे।
अधिक उत्पादकता प्राप्त करने वाले इन किसानों को मिला प्रथम पुरस्कार-
किसान का नाम जिला फसल उत्पादकता (कुंतल/हे.) पुरस्कार राशि
शीतला प्रसाद जौनपुर गेहूं 90.00 1.00,000
विजय प्रकाश सिंह जौनपुर चना 58.50 1,00,000
रामनाथ झांसी मटर 42,00 1,00,000
संतोष कुमार राय बलिया मसूर 42,00 1,00,000
सारिका त्यागी हापुड़ राई-सरसो 40.16 1,00,000
बादशाह सिंह धान फर्रुखाबाद 119.60 1,00,000
चन्द्र किशोर मक्का फर्रुखाबाद 93.00 1,00,000
पूरन सिंह अरहर बुलन्दशहर 27.00 1,00,000
अमरेन्द्र सिंह उर्द लखनऊ 38.25 1,00,000
इन्हें मिला द्वितीय पुरस्कार-
सुखवीर सिंह गेहूं फर्रुखाबाद 84.60 75,000
कृष्ण कुमार चना अम्बेडकरनगर 57.80 75,000
मुन्नीदेवी मटर झांसी 41.24 75,000
दिलीप सिंह मसूर बलिया 36.60 75,000
बृजेश कुमार राई-सरसों शामली 39.60 75,000
सुभाष यादव धान जौनपुर 119.00 75,000
प्रभाचन्द्र मक्का फर्रुखाबाद 92.40 75,000
ओमवीर सिंह अरहर अलीगढ़ 23.80 75,000
श्यामा देवी उर्द फर्रुखाबाद 35.20 75,000।